CG – मस्तूरी के किसान परसदा में भोजली त्यौहार की धूम सरपंच से लेकर बच्चों तक ने मनाया पर्व पढ़े पूरी ख़बर
मस्तूरी//छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपरा का प्रतीक भोजली त्यौहार इस वर्ष भी पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मस्तूरी ब्लॉक के ग्राम पंचायत किसान परसदा में भोजली पर्व का मनोरम दृश्य देखने को मिला, जहाँ सरपंच कामिनी नरेंद्र दिनकर से लेकर नन्हे-मुन्हे बच्चों ने टोकरी में भोजली उठाकर परंपरा का निर्वहन किया।
गाँव में सुबह से ही उत्सव जैसा माहौल था। सभी ग्रामीण पारम्परिक वेशभूषा में सजे-धजे नजर आए। महिलाओं ने छत्तीसगढ़ी परिधान पहना, वहीं पुरुष धोती-कुर्ता और गमछा में दिखे। ढोल-मंजीरा की थाप पर पूरा गाँव थिरक उठा।
परंपरा के अनुसार भोजली मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। जिसके बाद सभी ग्रामीण भोजली की टोकरियां सिर पर रखकर गाजे-बाजे के साथ गांव के तालाब तक पहुँचे और वहां विसर्जन किया।
यह सुंदर और मनोरम दृश्य देख हर कोई अभिभूत हो गया। ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यही हमारे छत्तीसगढ़ की संस्कार और संस्कृति है, जो बच्चे बचपन से ही सीख रहे हैं।
इस अवसर पर सरपंच, उपसरपंच, सभी पंचगण और भारी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
युवा नेता नरेंद्र दिनकर ने बताया कि उनके गांव किसान परसदा में प्रत्येक वर्ष भोजली मैया की पूजा-अर्चना बड़ी श्रद्धा से की जाती है। इस दौरान किसानों की अच्छी फसल और गांव की खुशहाली, सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की जाती है।
भोजली विसर्जन के साथ ही भाई-बहन के अटूट प्रेम के इस पर्व का समापन हर्षोल्लास के साथ हुआ।




