CG – श्मशान से गायब हो गई बेटे की अस्थियां, किसी और ने कर दिया विसर्जन या फिर….. श्मशान घाट का चौंकाने वाला सच आया सामने……

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में राजनांदगांव शहर के मुक्तिधाम में दाह संस्कार के बाद किसी और की अस्थि किसी अन्य परिवार के द्वारा विसर्जित किए जाने का मामला सामने आया है। परिवार ने जब पूछताछ की तो पता चला कि दूसरा परिवार उस अस्थि को अपने परिजन की समझकर ले गए और उसका विसर्जन कर दिया। अस्थि विसर्जन करने वाले परिवार ने माफी मांगी है। वहीं अस्थि विसर्जन नहीं कर पाने वाले परिवार ने स्थानीय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कलेक्टर से कार्रवाई की मांग की है।
जानिए क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, वार्ड क्रमांक 5 में रहने वाले चौहान परिवार का बेटा पंकज चौहान (39) की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। उसी शाम 5 बजे उसका अंतिम संस्कार मुक्तिधाम के शेड क्रमांक 2 में किया गया। जब चौहान परिवार अस्थियां लेने आया तो शेड क्रमांक 2 से अस्थियां गायब मिली।
इसके बाद जब चौहान परिवार ने पूछताछ की तो पता चला कि शेड क्रमांक 3 में जिस परिवार ने अपने परिजन का अंतिम संस्कार किया था वो शेड क्रमांक 2 की अस्थियां ले गए। वहीं जब चौहान परिवार ने उनसे संपर्क किया तो पता चला कि उन्होंने अस्थि को शिवनाथ नदी में विसर्जित कर दिया है। इसके बाद चौहान परिवार भड़क उठा और उन्होंने मुक्तिधाम प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
पारख गौशाला पिंजला पोल और मुक्तिधाम के अध्यक्ष खूबचंद पारख का इस मामले में कहना है कि मुक्तिधाम में किसका शव कब और किस नंबर के शवदाह पर जला इसका रिकॉर्ड है। अदला-बदली परिजनों की गलती से हुई है। अस्थि ले जाने वाले परिवार ने पहले परिवार से माफी मांगी है। मुक्तिधाम में एक महिला चौकीदार काम करती है। पहट में मुक्तिधाम का ताला खोल दिया जाता है ताकि लोगों को अस्थियां ले जाने में सुविधा हो। वहीं उन्होंने आगे कहा कि हमारे प्रबंधन की गलती नहीं है।



