CG -सड़क हादसे से दहला छत्तीसगढ़ : पिता-पुत्र और पति-पत्नी समेत 5 की मौत, 9 लोग घायल, सीएम साय ने जताया दुख, अधिकारियों को दिए ये कड़े निर्देश…..

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक भीषण सड़क हादसा हुआ। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें एक ही परिवार के पिता और उनके 5 महीने के पुत्र के साथ पति-पत्नी और एक अन्य महिला शामिल है। हादसे में 9 यात्री घायल हुए हैं, जिनका इलाज कुनकुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।
बताया जा रहा है कि बस में दो दर्जन से अधिक यात्री सवार थे। दुर्घटना में कई यात्री घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए कुनकुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और घटनास्थल पर एम्बुलेंस भेजी गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
एक ही परिवार के पिता और उनके 5 महीने के पुत्र के साथ पति-पत्नी सहित कुल 5 लोगों की इस दर्दनाक हादसे में मौत हुई है। हादसे में साकिनाघोडी कुरडेग निवासी दिग्गेश्वर (40 वर्ष) और उनका 5 महीने का पुत्र घनश्याम, मकरिबंधा तपकरा निवासी महेश राम (45 वर्ष) और उनकी पत्नी बिमला राम (42 वर्ष) तथा सिमडेगा निवासी संपति देवी (52 वर्ष) की भी मौत हो गई।
इधर हादसे की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पत्नी कौशल्या देवी साय भी कुनकुरी अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और डॉक्टरों को सभी घायलों के बेहतर इलाज तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएम विष्णुदेव साय ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “जशपुर जिले के दुलदुला विकासखंड के ग्राम गोडा अंबा के पास हुई बस दुर्घटना का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। इस दुर्घटना में कई लोगों के असामयिक निधन से मन अत्यंत व्यथित है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा शोक-संतप्त परिजनों को इस कठिन घड़ी को सहन करने की शक्ति दें। दुर्घटना में घायल सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न रहे तथा उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।”
https://x.com/vishnudsai/status/2029833009101197616?ref_src=twsrc%5Etfw%7Ctwcamp%5Etweetembed%7Ctwterm%5E2029833009101197616%7Ctwgr%5E037e7e087f41f65d14353a5ddac1e2ea9bb42797%7Ctwcon%5Es1_&ref_url=https%3A%2F%2Flalluram.com%2Fjashpur-bus-accident-update-five-people-including-father-son-duo-and-husband-wife-died-nine-were-injured%2F



