CG – स्कूल बना मयखाना : शराब की बोतल लेकर पहुंचता था प्रधानाचार्य, नशे में टेबल पर बैठकर करता था ऐसी हरकत… ग्रामीणों ने खोला मोर्चा….

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से स्कूल और शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। ग्राम तुमा स्थित शासकीय हाई स्कूल के प्रिंसिपल मनोज कुमार बंजारे पर रोजाना शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि प्रिंसिपल स्कूल में शराब की बोतल तक लेकर पहुंचता था और नशे की हालत में उसे टेबल पर रखकर बैठता था।
प्रिंसिपल की इस कथित हरकत से विद्यार्थियों पर गलत प्रभाव पड़ने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों और सरपंच ने नाराजगी जताई है। मामले को लेकर ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल कलेक्ट्रेट पहुंचा और कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर प्रिंसिपल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम तुमा हाई स्कूल में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों द्वारा प्रिंसिपल मनोज कुमार बंजारे की लगातार शिकायत की जा रही थी। आरोप है कि प्रिंसिपल प्रतिदिन शराब पीकर स्कूल आते हैं, जिससे विद्यालय का शैक्षणिक माहौल खराब हो रहा है।
बता दें की घटना वाले दिन भी प्रिंसिपल को नशे की हालत में पाया गया और उनके टेबल पर शराब की बोतल रखी देखी गई। सरपंच द्वारा समझाइश देने के बावजूद जब उनकी आदत में सुधार नहीं हुआ, तो सरपंच और ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट का रुख किया और आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ तत्काल कड़ी कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई की मांग की।
सरपंच ने चेतावनी दी है कि यदि नशेड़ी प्रिंसिपल के खिलाफ जल्द से जल्द सख्त कदम नहीं उठाया गया, तो ग्रामवासी उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। कलेक्ट्रेट प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के बाद उचित दंडात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।



