छत्तीसगढ़

CG -9 मजदूरों की मौत : वेदांता पावर प्लांट हादसे में बड़ा अपडेट, मृतकों की संख्या बढ़कर पहुंची 9, परिजनों ने जमकर किया हंगामा…..

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से एक दर्दनाक औद्योगिक हादसे की खबर सामने आई है, जहां वेदांता पावर प्लांट में अचानक हुए बॉयलर ब्लास्ट ने सब कुछ हिला कर रख दिया। मंगलवार दोपहर हुए इस विस्फोट में अब तक 9 मजदूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि दो दर्जन से अधिक मजदूर घायल हैं। इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका है। इस हादसे को लेकर मुख्यमंत्री साय ने दुख जताया है और मामले की जांच की बात कही है।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुआ, जहां अचानक बॉयलर फटने से जोरदार विस्फोट हुआ और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद प्लांट के बाहर मजदूरों और परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। परिजनों ने एम्बुलेंस को बाहर जाने से रोकते हुए घायलों को दिखाने की मांग की। गेट के बाहर जमकर नारेबाजी की जा रही है। वहीं स्थिति को देखते हुए प्लांट प्रबंधन ने मुख्य गेट बंद कर दिया है और मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है। मलबे में फंसे मजदूरों को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। फ़िलहाल जैसे-जैसे रेस्क्यू आगे बढ़ेगा, आंकड़ों में बदलाव संभव है।

हादसे में घायल मजदूरों को तत्काल रायगढ़ जिले के निजी और सरकारी अस्पतालों में भेजा गया है। कई घायलों को ओपी फोर्टिस जिंदल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

सीएम साय ने जताया दुख

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यह बहुत ही दुखद हादसा है। दु:ख की घटना में परिवार के साथ हैं। मृतकों के परिजनों को भगवान शक्ति दे। उन्होंने कहा कि हादसे की जांच होगी और जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई होगी।

Related Articles

Back to top button