छत्तीसगढ़

CG – रेलवे स्टेशन पर गूंजी किलकारी, फरिश्ता बनकर आई 108 एम्बुलेंस, महिला ने बेटी को दिया जन्म, मां-नवजात दोनों स्वस्थ……

रायपुर। रायपुर रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-2 पर दिल छू लेने वाली घटना सामने आई है। घर लौट रही गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। गरियाबंद जिले के ग्राम मड़वा पत्थरा निवासी रूखमणि मांझी (32 वर्ष), पति जुगलेश मांझी, कोरबा से मजदूरी कर अपने गांव लौट रही थीं।

इसी दौरान स्टेशन परिसर में उनकी तबीयत बिगड़ गई और दर्द तेजी से बढ़ने लगा। मौके पर मौजूद एक महिला ने मानवता दिखाते हुए तत्काल 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस टीम मौके पर पहुंची। ईएमटी टेक्नीशियन पन्ना लाल साहू और पायलट रविन्द्र ने सूझबूझ और तत्परता के साथ महिला का सुरक्षित प्रसव कराया।

रेलवे स्टेशन परिसर में ही नवजात की किलकारी गूंज उठी। प्रसव के बाद मां और नवजात दोनों स्वस्थ पाए गए। प्राथमिक उपचार देने के बाद एम्बुलेंस टीम ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल रायपुर में भर्ती कराया।

Related Articles

Back to top button