छत्तीसगढ़

CG – 1186 वाहन चालकों पर कड़ा एक्शन, रद्द होंगे लाइसेंस, पुलिस ने इस वजह से की बड़ी कार्रवाई……

बिलासपुर। पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम कसने और यातायात को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से एक विशेष अभियान चलाकर नशे में वाहन चलाने वाले 1186 चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के तहत सभी प्रकरणों को न्यायालय भेज दिया गया है, साथ ही इन सभी चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने हेतु परिवहन विभाग को प्रतिवेदन भेजा गया है।

पुलिस द्वारा सड़क हादसों के किए गए नियमित विश्लेषण में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि अधिकांश दुर्घटनाएं दोपहर 12 बजे से रात 9 बजे के बीच राष्ट्रीय और राजकीय राजमार्गों पर हो रही हैं, जिनमें 17 से 35 वर्ष के युवा सबसे अधिक शामिल हैं। हादसों के मुख्य कारणों में शराब पीकर गाड़ी चलाना, तेज रफ्तार, गलत ओवरटेकिंग और हेलमेट का उपयोग न करना पाया गया है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब न केवल दंडात्मक कार्रवाई कर रही है, बल्कि स्कूलों, कॉलेजों और औद्योगिक संस्थानों में जागरूकता अभियान भी चला रही है। जांच में कई चालक बिना वैध लाइसेंस के भी पकड़े गए हैं, जिस पर पुलिस सख्त रुख अपनाते हुए भविष्य में नियमों के कड़ाई से पालन और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुधारात्मक कदम उठा रही है।

Related Articles

Back to top button