छत्तीसगढ़

CG-11 KV बिजली तार बना काल, करंट की चपेट में आए दंपति, पति की मौत, पत्नी की हालत गंभीर…..

जांजगीर-चांपा। जिले के चांपा में निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे पति-पत्नी हादसे का शिकार हो गए। दोनों 11 केवी बिजली तार की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे के बाद दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान पति ने दम तोड़ दिया। वहीं पत्नी की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

चांपा थाना चौक के पास दर्दनाक हादसा हुआ। महुदा निवासी 50 वर्षीय रामनाथ अपनी पत्नी 45 वर्षीय लता कर्ष के साथ निर्माणाधीन मकान में मजदूरी कर रहे थे। इसी दौरान दोनों सड़क के ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गए।

करंट लगने से रामनाथ नीचे सड़क पर गिर गए, जबकि उनकी पत्नी लता भी गंभीर रूप से झुलस गईं। आसपास के लोगों ने दोनों को तत्काल शासकीय बीडीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने रामनाथ को मृत घोषित कर दिया। वहीं लता कर्ष का इलाज जारी है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना पर चांपा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। निर्माण स्थल की सुरक्षा और सड़क के ऊपर से गुजर रही 11 केवी लाइन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि हादसे की जिम्मेदारी किसकी है, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

Related Articles

Back to top button