CG – 2 जुड़वा बहनों की मौत : खेलते-खेलते गई 2 जान, तालाब में डूबने से दो जुड़वा बच्चियों की मौत, परिवार में पसरा मातम…..

सक्ती। जिले से बड़ी खबर सामने आई है। जहां खेलते-खेलते तालाब में जुड़वा बहनों की डूबने से मौत हो गई। स्थानीय लोगों में शवों को तैरते हुए देखकर हड़कंप मच गया। उन्होंने तत्काल शवों को बाहर निकाला। घटना बाराद्वार थाना क्षेत्र अंतर्गत लवसरा गांव की है।
जानकारी के अनुसार, दीप्ति गोंड (6 वर्ष) और दिव्या गोंड (6 वर्ष) सुबह करीब 9:30 बजे अपने घर के पास खेल रही थीं। खेलते-खेलते वह तालाब के किनारे पहुंच गईं। इसी दौरान दोनों तालाब में गिर गईं और गहरे पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई। घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे समय रहते उन्हें बचाया नहीं जा सका। कुछ देर बाद गांव के लोगों ने तालाब में दोनों बच्चियों के शव तैरते हुए देखे, जिसके बाद तत्काल उन्हें बाहर निकाला गया।
आनन-फानन में परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों बच्चियों को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



