छत्तीसगढ़

CG – ब्राउन शुगर के साथ 3 युवक गिरफ्तार : प्रयागराज से मंगाई जाती थी नशीली खेप…ऐसे चलता था पूरा नेटवर्क…..

बिलासपुर। पुलिस ने अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 840 मिलीग्राम ब्राउन शुगर, 25 ग्राम गांजा और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर रही है।

सकरी टीआई विजय कुमार चौधरी ने बताया कि सूचना मिली कि हमीद अंसारी (33) निवासी तैयबा चौक तालापारा, आसमा सिटी मेण्ड्रा रोड पर पारदर्शी जिपर पुड़िया में ब्राउन शुगर लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे मौके से गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से 840 मिलीग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।

पूछताछ में हमीद ने बताया कि वह अपने साथियों अमन तिवारी (24) निवासी अभिषेक नगर मंगला और ईशांत सिंह मंडलोई (24) निवासी रामा लाइफ कॉलोनी सकरी के माध्यम से प्रयागराज से ब्राउन शुगर और गांजा मंगवाता था। उसने यह भी बताया कि नशीली सामग्री ईशांत मंडलोई के घर में रखी जाती थी। पुलिस ने रामा लाइफ सिटी स्थित मकान की तलाशी ली, जहां से 25 ग्राम गांजा, 4 नग चिलम और 2 लाइटर जब्त किए गए। हालांकि तलाशी के दौरान किसी प्रकार का पिस्टल या अवैध हथियार बरामद नहीं हुआ। मौके पर अमन तिवारी को भी अभिरक्षा में लिया गया।

गौरतलब है कि ईशांत सिंह मंडलोई एक दिन पहले हुए चर्चित थार कांड में भी आरोपी है। उक्त मामले में पुलिस ने तेज रफ्तार थार वाहन में चाकू लहराते घूम रहे युवकों के खिलाफ कार्रवाई की थी, जिसमें तीन आरोपी गिरफ्तार हुए थे, जबकि ईशांत फरार था। बाद में वह आर्म्स एक्ट के प्रकरण में जेल भेजा जा चुका है। ईशांत के परिवार की पृष्ठभूमि भी चर्चा में है, उसकी मां बीईओ (ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर) हैं और पिता सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। आरोपी हमीद अंसारी और अमन तिवारी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

Related Articles

Back to top button