CG- 50 व्यापारियों ने मंत्री को बनाया बंधक! कैबिनेट मंत्री ने TI को किया कॉल बोले- पुलिस भेजिए, मुझे छुड़ाएं… व्यापारियों ने मुझे पकड़ लिया है….

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मंत्री थाना प्रभारी को फोन पर फटकार लगाते हुए नजर आ रहे हैं। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि अगर पुलिस चोरी के आरोपियों को नहीं पकड़ पा रही है, तो उन्हें छुड़ाने के लिए ही पुलिस टीम भेज दे। दरअसल, पूरा मामला एक ट्रेडिंग कंपनी में हुई करीब 50 लाख रुपये की चोरी से जुड़ा है। चोरी के मामले में पुलिस की कार्रवाई में देरी से व्यापारी नाराज हैं। इसी सिलसिले में व्यापारियों ने मंत्री के सामने अपनी शिकायत रखी थी। उनकी नाराजगी और परेशानी को देखते हुए मंत्री ने मौके से ही थाना प्रभारी को फोन लगाया और कार्रवाई में देरी को लेकर जवाब मांगा। इस दौरान मंत्री की टिप्पणी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
अग्रसेन भवन में सोमवार शाम को व्यापारी घटना से अवगत कराते हुए मंत्री राजेश अग्रवाल से कहते हैं कि पुलिस मामले में केस दर्ज करने के बाद कोई एक्शन नहीं ले रही है। आरोप लगाया कि थाना प्रभारी को खर्चा पानी भी दिया गया, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही है. इसके बाद मंत्री राजेश ने जेब से अपना फोन निकाला और सीधे संबंधित कोतवाली थाना प्रभारी को कॉल मिलाया। मंत्री ने कहा कि 40-50 व्यापारियों ने मुझे बांधकर बैठा लिया है। अगर चोरों को नहीं पकड़ पा रहे हैं, तो मुझे छुड़ाने आ जाएं।
मंत्री के इस तेवर के बाद थाना प्रभारी ने मामले में दो दिन के भीतर कार्रवाई करने की मोहलत मांगी। अब व्यापारियों को चोरी मामले में आरोपियों के खिलाफ एक्शन लेने की उम्मीद है।
जानिए क्या है पूरा मामला?
खरसिया नाका स्थित अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी के संचालक कान्हा अग्रवाल ने करीब एक महीने पहले कोतवाली थाना में 50 लाख रुपये के चोरी की शिकायत की थी। फर्म में पिछले छह साल से काम करने वाली बिलिंग ऑपरेटर अंजुम निशा और पूर्व कर्मचारी रविंद्र यादव उर्फ विक्की पर फर्जी सील और रसीदें तैयार करने का आरोप लगाया गया है। इसके माध्यम से बीते 4 महीनों में कंपनी का सामान पिकअप और अन्य वाहनों के जरिए गंगापुर स्थित एक अन्य गोदाम में खपाया गया। कंपनी कर्मचारी के खुलासे पर मिलान किया गया, तब 50 लाख रुपये से अधिक की हेराफेरी सामने आई। इस मामले में मंत्री के हस्तक्षेत्र के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सभी की निगाहें हैं।
देखें वीडियो



