छत्तीसगढ़

CG – शनिवार को बेलुवन बुद्ध विहार, जगदलपुर में एक भव्य एवं प्रेरणादायक धम्म देशना एवं स्वागत समारोह का आयोजन किया गया…

जगदलपुर। आज दिनांक 04 अप्रैल 2026, शनिवार को बेलुवन बुद्ध विहार, जगदलपुर में एक भव्य एवं प्रेरणादायक धम्म देशना एवं स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से पधारे पूज्य भिक्षु संघ का बौद्ध समाज द्वारा हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम में पूज्य भिखु सोमानंद जी (दिल्ली), भिखु सरिपुत्र जी (डोंगरगढ़), भिखु कल्याणबोधि जी (मुंबई), पूर्णकालीन प्रचारक इंजीनियर कुंवर नागदेवे जी, रहबर बाबा (बालाघाट) एवं लोकेश तावड़े जी (चंद्रपुर) विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर बाहर से पधारे पूज्य भन्ते जी द्वारा अत्यंत प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक धम्मदेशना प्रस्तुत की गई। उन्होंने भगवान बुद्ध के उपदेशों को सरल एवं सहज भाषा में समझाते हुए जीवन में शांति, करुणा, मैत्री और सदाचार अपनाने का संदेश दिया।

उन्होंने बताया कि धम्म का मार्ग ही हमें दुःखों से मुक्ति दिलाने का सच्चा मार्ग है। यदि हम अपने जीवन में सम्यक दृष्टि, सम्यक विचार और सम्यक कर्म को अपनाते हैं, तो हम न केवल स्वयं का बल्कि पूरे समाज का भी कल्याण कर सकते हैं। भन्ते जी ने मैत्री, करुणा और अहिंसा के महत्व पर विशेष रूप से प्रकाश डाला।

बौद्ध समाज, जगदलपुर द्वारा सभी भिक्षुओं का विधिवत स्वागत किया गया तथा उनके लिए भोजन एवं धम्म दान की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में उपासक-उपासिकाओं की उपस्थिति रही।

इस अवसर पर भिक्षु संघ द्वारा घोषणा की गई कि आगामी कुछ महीनों में बस्तर संभाग के प्रत्येक तहसील, जिला एवं ग्राम स्तर पर व्यापक धम्म प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत प्रत्येक बौद्ध परिवार के घर में पंचशील ध्वज स्थापित किया जाएगा तथा समाज के भटके हुए लोगों को पुनः जागरूक कर धम्म से जोड़ने का कार्य किया जाएगा।

साथ ही, डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर जी के विचारों का प्रचार-प्रसार करते हुए समाज में जागरूकता बढ़ाने एवं तथागत गौतम बुद्ध के शांति, करुणा और दया के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम में सतीश वानखड़े, पी. डी. मेश्राम, लखपति बोरकर, बंसी सहारे, रामू गणवीर, दीपिका वानखड़े, वनिता गेडाम, निर्मला बोरकर, सुचित्रा रंगारे, गौरखड़े ताई, गणवीर ताई सहित अनेक उपासक-उपासिकाएं उपस्थित रहे। सभी के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

अंत में, यह संकल्प लिया गया कि भिक्षु संघ, भिक्षुणी एवं उपासक-उपासिका मिलकर पूरे बस्तर संभाग में घर-घर धम्म का प्रचार-प्रसार करेंगे और समाज को जागरूक, संगठित एवं सशक्त बनाने का कार्य निरंतर जारी रखेंगे।

Related Articles

Back to top button