CG – सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने किया जिला सहकारी बैंक के नवीन भवन का लोकार्पण…

सहकारिता के विकास में नया अध्याय : नारायणपुर को मिली आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं की सौगात
सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने किया जिला सहकारी बैंक के नवीन भवन का लोकार्पण
किसानों, स्व-सहायता समूहों, व्यापारियों और आम नागरिकों को मिलेगी बेहतर एवं सुलभ बैंकिंग सेवाएं, सहकारिता के विस्तार को मिलेगी नई गति – केदार कश्यप
जगदलपुर। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, जगदलपुर की नारायणपुर शाखा के नवीन भवन का आज वन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप के करकमलों से शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, बैंक पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

नवीन भवन के शुभारंभ के साथ ही नारायणपुर क्षेत्र के किसानों, स्व-सहायता समूहों, व्यापारियों और आम नागरिकों को अधिक सुलभ, व्यवस्थित एवं आधुनिक बैंकिंग सेवाओं का लाभ मिलेगा। बैंक की नई शाखा भवन में बेहतर सुविधाओं के माध्यम से वित्तीय सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है।

इस अवसर पर सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सहकारिता क्षेत्र को मजबूत बनाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति देने का कार्य किया जा रहा है। नवीन बैंक भवन न केवल बैंकिंग सेवाओं को सुदृढ़ करेगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास और वित्तीय समावेशन को भी नई दिशा देगा।

उन्होंने कहा कि सहकारिता सरकार की प्राथमिकताओं में है। हमारा संकल्प है कि गांव, किसान और वनांचल के अंतिम व्यक्ति तक आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचें, ताकि आर्थिक आत्मनिर्भरता को नई मजबूती मिले। नारायणपुर शाखा का नवीन भवन केवल एक भवन नहीं, बल्कि क्षेत्र के किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए विकास, विश्वास और समृद्धि का नया केंद्र बनेगा।

अंतिम व्यक्ति तक बेहतर बैंकिंग सेवाएं पहुंचाना हमारी प्राथमिकता – अध्यक्ष दिनेश कश्यप
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, जगदलपुर के अध्यक्ष दिनेश कश्यप ने कहा कि सहकारिता केवल वित्तीय सेवा का माध्यम नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास और आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार है। नारायणपुर शाखा के नवीन भवन के शुभारंभ से किसानों, स्व-सहायता समूहों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों को बेहतर, त्वरित और पारदर्शी बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध होंगी। हमारा प्रयास है कि बैंक की सेवाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें और क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति मिले।

सहकारिता से सशक्त होगा ग्रामीण अर्थतंत्र – उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, जगदलपुर के उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा ने कहा कि नारायणपुर शाखा के नवीन भवन का शुभारंभ क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे बैंकिंग सेवाएं अधिक सुगम, प्रभावी और जनोन्मुखी बनेंगी। हमारा उद्देश्य किसानों, स्व-सहायता समूहों और ग्रामीण परिवारों तक बेहतर वित्तीय सुविधाएं पहुंचाकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। सहकारिता के माध्यम से विकास की यह यात्रा आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
नारायणपुर में बैंक के नए भवन का शुभारंभ क्षेत्रवासियों के लिए विकास और सुविधाओं की एक महत्वपूर्ण सौगात माना जा रहा है।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम तथा नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के. एस. धुव, बैंक के पदाधिकारी-कर्मचारियों सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।



