CG- शादी की तैयारियों के बीच हाथियों का तांडव! बैगा परिवार के घर में घुसकर मचाई तबाही….

कवर्धा। कबीरधाम जिले के कुकदुर क्षेत्र में हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। बीती रात चार हाथियों के दल ने केसमरदा गांव में घुसकर जमकर तबाही मचाई। हाथियों ने शादी की तैयारी में जुटे एक बैगा परिवार के घर में घुसकर तोड़फोड़ की, जिससे परिवार में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने और सतर्क रहने की हिदायत दी है।
केसमरदा गांव में रहने वाला बैगा परिवार अपने घरों में गहरी नींद में सो रहे थे, तभी हाथियों का दल बस्ती में घुस आया और दो घरों में तोड़फोड़ कर दी। हाथियों के अचानक हमले से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोग किसी तरह घरों से निकलकर अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागे।
हाथियों ने घरों में रखे खाद्य पदार्थों को खाकर बिखेर दिया। बताया जा रहा है कि बुधसिंह बैगा के घर में शादी की तैयारी चल रही थी, जिसके लिए नौ बोरी चावल रखे गए थे। हाथियों ने चावल भी बर्बाद कर दिए। सप्ताह भर पहले हाथियों के दल ने ग्राम बनगौरा दलदली क्षेत्र में मितानिन बैगिनबाई को मौत के घाट उतार दिया था।



