CG- घर से चंद कदम दूर मौत का मंजर : पत्नी की मौत के बाद उजड़ गई जिंदगी, 33 KV टावर पर लटका मिला युवक, दो मासूम हुए अनाथ….

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक युवक की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। चांदनी थाना क्षेत्र के ग्राम कुबेरपुर में 32 वर्षीय संजय जायसवाल का शव 33 केवी हाईटेंशन बिजली टावर पर फांसी के फंदे से लटका मिला। चौंकाने वाली बात यह है कि जिस टावर पर युवक का शव मिला, वह उसके घर से महज 20 मीटर की दूरी पर स्थित है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं।
इस घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि महज एक महीने पहले ही मृतक की पत्नी की सड़क हादसे में मौत हुई थी। जानकारी के अनुसार, करीब एक माह पूर्व संजय जायसवाल की पत्नी अस्पताल से घर लौट रही थीं, तभी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से उनकी जान चली गई थी। पत्नी के जाने का गम परिवार अभी भुला भी नहीं पाया था कि अब संजय की इस तरह हुई मौत ने सबको झकझोर कर रख दिया है। माता-पिता दोनों का साया सिर से उठ जाने के कारण अब उनके दो मासूम बच्चे पूरी तरह अनाथ हो गए हैं।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि संजय ने पत्नी के वियोग में यह आत्मघाती कदम उठाया है या उनकी मौत के पीछे कोई अन्य वजह है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची चांदनी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।


