CG – अभिलाष यादव को मिली भाजपा युवा मोर्चा बस्तर जिला अध्यक्ष की कमान…

अभिलाष यादव को मिली भाजपा युवा मोर्चा बस्तर जिला अध्यक्ष की कमान
जगदलपुर। भारतीय जनता पार्टी जिला बस्तर के युवा मोर्चा की जिम्मेदारी अभिलाष यादव को सौंपी गई है। संगठन ने उन्हें बस्तर जिला युवा मोर्चा का अध्यक्ष नियुक्त किया है।
अभिलाष यादव की शैक्षणिक पृष्ठभूमि सुदृढ़ रही है। उन्होंने छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक की उपाधि प्राप्त की है। छात्र जीवन से ही वे राष्ट्रवादी विचारधारा से जुड़े रहे और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जैसे छात्र संगठन के माध्यम से छात्र राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई।
इसके पश्चात वे भारतीय जनता पार्टी से जुड़कर निरंतर संगठनात्मक कार्य करते रहे। भाजपा युवा मोर्चा में उन्होंने प्रदेश कार्यसमिति सदस्य के रूप में भी दायित्व निभाया, विशेषकर उस अवधि में जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी।
तत्कालीन कांग्रेस शासन के दौरान उन्होंने जनहित से जुड़े अनेक आंदोलनों में सक्रिय भागीदारी की। पार्टी की नीतियों और कार्यकर्ताओं के साथ खड़े रहते हुए कांग्रेस सरकार के विरुद्ध कई आंदोलनों में भाग लिया, जिसमें उन्हें कई बार लाठीचार्ज का सामना भी करना पड़ा।
भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने पर अभिलाष यादव ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश संगठन मंत्री पवन साय एवं भाजपा जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे सहित समस्त वरिष्ठ नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे और युवाओं को संगठन से जोड़कर पार्टी को और मजबूत करेंगे।



