छत्तीसगढ़

CG Accident: बदहाल सड़क बनी हादसे की वजह, मरीजों का इलाज कराकर लौट रही एम्बुलेंस गड्ढे में अनियंत्रित होकर पलटी; 6 घायल, डायल 112 और ग्रामीणों ने बचाई जान….

बलौदाबाजार। जिले की खस्ताहाल सड़कों की वजह से सड़क दुर्घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है। इसको लेकर जिले में आए दिन विवाद की स्थिति बन रही है। वहीं पुलिस और स्वास्थ्य विभाग भी लगातार हो रहे हादसों से परेशान नजर आ रहे हैं।

आज एक ताजा मामला सामने आया है, जहां सड़क पर गड्ढा होने के कारण एक एम्बुलेंस पलट गई, जिसमें छह लोग घायल हो गए। घायलों को डायल 112 और ग्रामीणों की मदद से कसडोल के चिकित्सा केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि एम्बुलेंस में सवार लोग अपने परिजन का इलाज कराकर वापस घर लौट रहे थे, तभी हादसा हो गया।

मामला कसडोल थाना क्षेत्र का है। आज दोपहर कसडोल-कटगी मेन रोड (NH-130B) पर ग्राम पीसीद स्थित जायसवाल ढाबा के पास रायपुर से मरीजों का इलाज कराकर वापस ओड़िशा लौट रही एक तेज रफ्तार एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और स्थानीय नागरिकों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।

गड्ढे के कारण अनियंत्रित हुई एम्बुलेंस

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एम्बुलेंस क्रमांक CG 04 PP 4032 (खरोरा) में मरीज, परिजन और चालक-हेल्पर सहित कुल 8 लोग सवार थे। ये सभी लोग रायपुर से इलाज करवाकर अपने गृह ग्राम बरगढ़ (ओड़िशा) लौट रहे थे। जैसे ही एम्बुलेंस ग्राम पीसीद के मेन रोड पुल के पास पहुंची, सड़क पर बने एक गड्ढे के कारण वह अचानक उछल गई। रफ्तार तेज होने की वजह से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और एम्बुलेंस सड़क पर ही पलट गई।

डायल 112 और निजी एम्बुलेंस चालक की सराहनीय भूमिका

सूचना मिलते ही कसडोल थाना की डायल 112 (बाज-01) टीम तत्काल मौके पर पहुंची। आरक्षक क्रमांक 371 आशुतोष बंजारे और चालक केशव प्रसाद साहू ने बिना समय गंवाए स्थानीय ग्रामीणों की मदद से एम्बुलेंस के भीतर फंसे लहूलुहान घायलों को बाहर निकालना शुरू किया। इसी दौरान ग्राम छांछी के निजी एम्बुलेंस चालक हरनारायण साहू भी अपनी दो एम्बुलेंस के साथ घटनास्थल पर मौजूद थे। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्होंने सेवा भाव का परिचय दिया और तुरंत सभी 6 घायल व्यक्तियों को अपने वाहनों में बैठाकर प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल रवाना किया।

घायल व्यक्तियों का विवरण

इस दुर्घटना में कुल 6 लोगों के सिर, पीठ, छाती, पेट, हाथ की कोहनी और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। घायलों के नाम इस प्रकार हैं—

  1. क्वाता भोई (60 वर्ष), पिता- बरसातु भोई, निवासी- डुमरी, बरगढ़ (ओड़िशा)
  2. नारायण हाथी (40 वर्ष), पिता- गोपीका हाथी, निवासी- इच्छापुर, बरगढ़ (ओड़िशा)
  3. गोवर्धन खोड़ीया (80 वर्ष), पिता- थीबु खोड़ीया, निवासी- बरगढ़ (ओड़िशा)
  4. सरोज खड़िया (30 वर्ष), पिता- गिरी खड़िया, निवासी- कुसुमडीह, बरगढ़ (ओड़िशा)
  5. जगन्नाथ भाट (45 वर्ष), पिता- शंकर भाट, निवासी- कुसुमडीह, बरगढ़ (ओड़िशा)
  6. हलधर खोड़ीया (66 वर्ष), पिता- कोलकातिया खोड़ीया, निवासी- कुसुमडीह, बरगढ़ (ओड़िशा)

डॉक्टरों की देखरेख में इलाज जारी

अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, घायल 6 लोगों में से 2 व्यक्तियों की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य 4 लोग फिलहाल खतरे से बाहर हैं। एम्बुलेंस के चालक और हेल्पर सुरक्षित हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा घटना के संबंध में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button