CG- धान खपाने के खेल पर प्रशासन का शिकंजा, MSP पर बेचने से पहले पकड़ी गई इतनी बोरी अवैध धान….

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के बीच अवैध भंडारण और परिवहन पर जिला प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने पेण्ड्रारोड तहसील के ग्राम बरवासन में दो अलग-अलग ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने कुल 240 बोरी अवैध धान जब्त किया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध रूप से धान का भंडारण करने वालों में हड़कंप मच गया है।
संयुक्त जांच दल को मिली सूचना के आधार पर ग्राम बरवासन में यह कार्रवाई की गई। जांच के दौरान राजेंद्र गुज्जर के बाड़े में ट्रैक्टर पर लदी 35 बोरी और खुले में रखी 100 बोरी, इस प्रकार कुल 135 बोरी धान बरामद हुआ। वहीं ग्रामीण जीवन सिंह मारको के यहां से अवैध रूप से भंडारित 105 बोरी धान जब्त किया गया है।
प्रशासनिक टीम ने दोनों स्थानों से कुल 240 बोरी धान जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई के तहत ग्राम कोटवार की सुपुर्दगी में दे दिया है।
जांच के दौरान जब अधिकारियों ने संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की, तो बड़ा खुलासा हुआ। दोनों व्यक्तियों के खेतों में अभी धान की कटाई और मिसाई (थ्रेशिंग) का कार्य शुरू ही नहीं हुआ था। पूछताछ में यह बात सामने आई कि यह धान अन्य किसानों के खेतों से लाकर यहां अवैध रूप से डम्प किया गया था, ताकि समर्थन मूल्य पर इसकी अवैध बिक्री की जा सके।



