CG- युवक ने iPhone खरीदने के बाद उठाया खौफनाक कदम, कॉम्प्लेक्स के टॉयलेट में फांसी लगाकर दी जान, मचा हड़कंप….

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। आकाशगंगा स्थित हिमालय कॉम्प्लेक्स में 20 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि युवक कुछ देर पहले ही कॉम्प्लेक्स की एक मोबाइल दुकान से किस्तों पर आईफोन खरीदकर निकला था। इसके बाद वह कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में बने सार्वजनिक शौचालय पहुंचा, जहां उसने फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, घटना शाम करीब 4:30 बजे की है। मृतक की पहचान निहाल सिंह (20) के रूप में हुई है। निहाल आकाशगंगा स्थित हिमालय कॉम्प्लेक्स की एक मोबाइल दुकान पर पहुंचा था। यहां उसने किस्तों पर आईफोन खरीदने की प्रक्रिया पूरी की। दुकान संचालक के अनुसार, मोबाइल खरीदने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निहाल के पास किसी का फोन आया था। फोन पर बातचीत करने के बाद वह कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में चला गया।
कुछ देर बाद बेसमेंट में बने सार्वजनिक शौचालय में उसके फांसी लगाने की जानकारी मिली। घटना का पता चलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर अस्पताल के शवगृह में रखवाया। वहीं पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी है।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल युवक के आत्महत्या करने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। दुकान संचालक के मुताबिक, आईफोन खरीदने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निहाल के पास फोन आया था। वह सोशल मीडिया से जुड़ी किसी बात को लेकर बातचीत कर रहा था। हालांकि, इस बातचीत का आत्महत्या से कोई संबंध है या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस पंचनामा कार्रवाई कर मामले की जांच में जुट गई है।



