CG- राजधानी में नवरात्रि के बाद सख्ती, शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर बड़ा एक्शन—137 ‘नशेड़ी’ ड्राइवर पुलिस के हत्थे चढ़े….

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शराब पीकर वाहन चालने वालों के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस एक्शन मोड पर है। पुलिस ने नशे में गाड़ी चलाने वाले 137 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की।
रायपुर शहर में सुरक्षित व सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा नवरात्रि समाप्त होते ही जाँच कार्रवाई फिर से तेज कर दी है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
दरअसल, शराब पीकर वाहन चलाने से दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है और वाहन ड्राइवर अपने जीवन के साथ-साथ दूसरे के जीवन के लिए भी खतरा पैदा करता है l
इसी क्रम में एमव्ही एक्ट की धारा 185 प्रावधानों के तहत शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
बता दें कि इस वर्ष जनवरी से अबतक लगभग 1400 नशेड़ी वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है, जिन्हें नशे की हालत में वाहन चलाते पकड़ा गया।
इस अभियान के तहत 29 मार्च की रात एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला के नेतृत्व में शहर के आठ स्थानों पर यातायात थाना प्रभारी व यातायात पुलिस स्टॉफ के साथ विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाते हुए कुल 137 वाहन चालकों को पकड़ा गया, जिनके विरुद्ध चालान की कार्रवाई कर उन्हें सोमवार 30 मार्च को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
कमिश्नरेट पुलिस ने कहा कि लोगों में भ्रांति है कि पुलिस कोई टारगेट पूरा करने अभियान चलाती है, जबकि यातायात पुलिस का यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह स्वयं तथा अन्य लोगों के जीवन के लिए गंभीर खतरा भी है, इस पर ज़ीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी।
आम नागरिकों से अपील
सभी वाहन चालकों व नागरिकों से अपील करती है कि वे सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करें और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभायें।



