CG – आंदोलनकारी 7 कर्मचारी सेवा से बर्खास्त : सहकारी समिति के 7 कर्मचारियों की नौकरी ख़त्म, सरकार के फैसले से हड़कंप…..

सक्ती। आज से छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की शुरुआत होने जा रही है। सरकार ने किसानों से किये गये अपने वादे के मुताबिक़ धान ख़रीदी के लिए जिला स्टार पर व्यापक तैयारियां की हुई है। हालांकि इस बीच सरकार के लिए गए फैसले से हड़कंप मच गया है।
दरअसल राज्य सरकार के निर्देश पर सक्ती जिले में सहकारी सेवा समिति के सात कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। सभी कर्मचारियों पर धान ख़रीदी की प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न करने के गंभीर आरोप लगे है। वही प्रदेश भर में एस्मा कानून भी लागू है, लिहाजा जिला प्रशासन ने अनुशानहीनता बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ फैसला लेकर दूसरे आंदोलनकारी कर्मियों को कड़ा सन्देश दिया है। जिला प्रशासन के इस फैसले से सहकारी समितियों में हड़कंप की स्थिति है।
गौरतलब है कि, छत्तीसगढ़ सरकार आज (15 नवम्बर) से प्रदेशभर के 25 लाख से ज्यादा किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत करने जा रही है। दूसरी और सहकारी समितियों के कर्मचारी चार सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं, जिससे व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। लिहाजा अब सरकार ने प्रदेश में एस्मा लागू कर दिया है। इस संबंध में गृह विभाग ने एक आदेश भी जारी किया है।
गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि धान खरीदी की अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की हड़ताल पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। आदेश में कहा गया है कि खरीदी कार्य से इंकार करने वाले कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सरकार का कहना है कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और धान खरीदी प्रक्रिया हर स्थिति में निर्बाध रूप से संचालित की जाएगी। गृह विभाग ने निर्देश दिए हैं कि कर्मचारी अपने-अपने कार्यस्थल पर लौटें, अन्यथा आगे कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।



