CG AI ब्लैकमेलिंग कांड: मुख्य आरोपी दीपक टंडन के बाद अब साला रायपुर से गिरफ्तार,जाने मामला…

बिलासपुर । संवाददातता: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के माध्यम से आपत्तिजनक तस्वीरें तैयार कर ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली करने के हाई-प्रोफाइल मामले में बिलासपुर पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस टीम ने रायपुर में दबिश देकर मुख्य आरोपी होटल कारोबारी दीपक टंडन के साले कमल प्रसाद चौबे को धर दबोचा है.
इस मामले में पहले से ही गिरफ्तार मुख्य आरोपी दीपक टंडन की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. ज्ञात हो कि पुलिस ने दीपक को 6 नवंबर को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया था. तलाशी के दौरान पुलिस को उसके पास से दो मोबाइल फोन मिले थे, जिनमें न्यूज पोर्टल से संबंधित कई आपत्तिजनक तस्वीरें, वीडियो और ऑडियो क्लिप मौजूद थे, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है.
इन्हीं डिजिटल साक्ष्यों और मामले की गंभीरता को देखते हुए नवम सत्र न्यायाधीश की अदालत ने 19 नवंबर को दीपक टंडन की जमानत याचिका भी खारिज कर दी थी.
पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि मुख्य आरोपी दीपक टंडन एक न्यूज पोर्टल का संचालन करता है, जिसमें उसका साला कमल प्रसाद चौबे पार्टनर और कथित संपादक के तौर पर जुड़ा हुआ था. एफआईआर में नामजद होने के बाद से ही पुलिस को उसकी तलाश थी.
अब गिरफ्तारी के बाद पुलिस यह खंगालने में जुटी है कि पोर्टल के संचालन, आपत्तिजनक सामग्री तैयार करने, उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने और पीड़ित पर दबाव बनाने में कमल की क्या भूमिका रही है. इसके साथ ही ठगी के अन्य प्रकरणों में भी दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा के खिलाफ 4 अलग-अलग जिलों में कुल 8 एफआईआर दर्ज हैं.
इस पूरे विवाद की शुरुआत 29 अक्टूबर 2026 को हुई थी, जब महाराणा प्रताप नगर निवासी मणिशंकर पांडे ने सिरगिट्टी थाने में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने पुलिस को बताया था कि उनकी तस्वीरों को AI की सहायता से एडिट कर अश्लील रूप दिया गया और फिर उन तस्वीरों के आधार पर भ्रामक खबरें बनाकर न्यूज पोर्टल व सोशल मीडिया पर साझा की गईं. शिकायतकर्ता के अनुसार, उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने और दबाव बनाकर पैसे ऐंठने की नीयत से यह साजिश रची गई थी.



