CG- राजधानी के तेलीबांधा चौक समेत 38 जगहों के नाम बदलने का ऐलान, जानें किस नाम से होंगी नई पहचान…..

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे पर आज छत्तीसगढ़ में सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। बीजेपी के सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेश के सभी 33 जिलों में कार्यक्रम हुए। सीएम साय ने सेवा ज्योति यात्रा को हरी झंडी दिखाई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय हाथों में मशाल लेकर यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान सीएम साय ने छत्तीसगढ़ को 2047 तक विकसित राज्य बनाने का संकल्प लिया।
38 जगह बनेंगे सेवा ज्योति संकल्प चौक
इस दौरान सीएम साय ने बड़ी घोषणा की है। उन्होंने प्रदेश में 38 स्थानों पर सेवा ज्योति संकल्प चौक बनाने का ऐलान किया है। सीएम साय ने कहा कि प्रदेश में 38 स्थानों पर सेवा ज्योति संकल्प चौक विकसित किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि रायपुर के तेलीबांधा चौक को भी सेवा ज्योति संकल्प चौक के रूप में विकसित किया जाएगा।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहा अभियान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सेवा संकल्प अभियान और विकसित भारत संकल्प सभा को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के तौर पर जनसेवा के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए कहा कि वह स्वस्थ रहें और लंबे समय तक देश की सेवा करते रहें।
साय ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चल रहा है। उनके मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी को 140 करोड़ भारतवासियों का सहयोग मिला है और वह रात-दिन देश के सुख-दुख के लिए काम कर रहे हैं।



