CG पति-पत्नी पर हमला : महुआ बीनने गए दंपति पर मधुमक्खियों ने किया जानलेवा हमला, पति की मौत, पत्नी अस्पताल में भर्ती…..

बालोद। जंगल में महुआ बीनने गए एक बुजुर्ग दंपति पर उस वक्त आफत टूट पड़ी, जब अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के हमले से बुजुर्ग की मौत हो गई। महुआ बीनने जंगल गए दंपति पर मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया, जिससे पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। पूरा मामला डौंडी थाना क्षेत्र के गोटूलमुड़ा गांव का है।
जानकारी के अनुसार, 65 वर्षीय चम्पूलाल गोयल अपनी पत्नी सुमित्रा के साथ जंगल में महुआ बीनने गए थे। इसी दौरान मधुमक्खियों का झुंड उन पर टूट पड़ा। हमले में दोनों बुरी तरह घायल हो गए। किसी तरह पत्नी सुमित्रा ने अपनी जान बचाई, लेकिन चम्पूलाल गोयल की मौके पर ही मौत हो गई।
घायल महिला को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।



