CG – द्रोणाचार्य स्कूल सोनसरी में सुरक्षित भारत – समृद्ध भारत थीम पर जागरूकता और प्रेरणा कार्यक्रम का आयोजन पढ़े पूरी ख़बर
मस्तूरी/द्रोणाचार्य संस्कृत उच्च माध्यमिक विद्यालय सोनसरी, संकुल केंद्र बोहारडीह, विकासखंड मस्तूरी में सोमवार को दोपहर 1:00 बजे सुरक्षित भारत – समृद्ध भारत थीम पर विशेष जागरूकता एवं प्रेरणा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में CISF के सब इंस्पेक्टर बुधराम पटेल उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सुरक्षा, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और जिम्मेदार नागरिक बनने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
इन विषयों पर किया गया जागरूक
कार्यक्रम में मुख्य रूप से निम्नलिखित विषयों पर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया –
– CISF का परिचय एवं देश सेवा में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका
– देशभक्ति एवं राष्ट्र निर्माण में विद्यार्थियों का योगदान
– अनुशासन, समय प्रबंधन एवं व्यक्तित्व विकास
– साइबर सुरक्षा एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय
– नशामुक्ति एवं गलत संगति से दूर रहने की प्रेरणा
– महिला सम्मान एवं बाल सुरक्षा तथा POCSO अधिनियम की जानकारी
– आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षा
– CISF में करियर मार्गदर्शन एवं देश सेवा के अवसर
अनुशासन ही सफलता की कुंजी
बुधराम पटेल ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में अनुशासन, मेहनत, ईमानदारी एवं आत्मविश्वास सफलता की कुंजी हैं। प्रत्येक विद्यार्थी को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहकर देश के विकास एवं सुरक्षा में योगदान देने के लिए तैयार रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज के समय में मोबाइल और इंटरनेट का सही उपयोग करना बहुत जरूरी है। अनजान लिंक पर क्लिक न करें, OTP किसी को न बताएं और किसी भी तरह की ठगी होने पर तुरंत अपने माता-पिता और शिक्षकों को बताएं।
साथ ही उन्होंने नशे से दूर रहने, गलत संगति से बचने और बेटियों के सम्मान को सर्वोपरि रखने की अपील की।
विद्यार्थियों में बढ़ी राष्ट्रसेवा की भावना
इस प्रेरणादायक कार्यक्रम से विद्यार्थियों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुईं तथा उनमें राष्ट्रसेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और अनुशासन के प्रति जागरूकता बढ़ी। विद्यार्थियों ने सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासा भी शांत की। कई विद्यार्थियों ने भविष्य में CISF और अन्य सुरक्षा बलों में जाकर देश सेवा करने की इच्छा व्यक्त की।
प्राचार्य ने जताया आभार
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य कुंजल राम मरार ने मुख्य अतिथि CISF के सब इंस्पेक्टर बुधराम पटेल के प्रति हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि मुख्य अतिथि द्वारा विद्यार्थियों को दी गई सुरक्षा, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति, साइबर जागरूकता एवं करियर मार्गदर्शन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ निश्चित रूप से उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरणादायक सिद्ध होंगी।
साथ ही उन्होंने अपना बहुमूल्य समय निकालकर विद्यालय में उपस्थित होने तथा विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने के लिए मुख्य अतिथि का विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया। अंत में प्राचार्य ने समस्त शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों के सहयोग के लिए भी आभार व्यक्त किया।




