CG- मकान में घुसा भालू, बिना सुरक्षा किट के रेस्क्यू करने पहुंचे वनकर्मी, फिर जो हुआ….मचा हड़कंप…..

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के दल्लीराजहरा वन परिक्षेत्र के सिंघोला गांव में उस समय दहशत फैल गई, जब एक भालू गांव के सूने मकान में घुस गया। भालू की मौजूदगी की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम उसे सुरक्षित बाहर निकालने पहुंची, लेकिन रेस्क्यू के दौरान भालू अचानक आक्रामक हो गया और वनकर्मियों पर हमला कर दिया। इस दौरान पटेली सर्किल के डिप्टी रेंजर ने किसी तरह अपनी जान बचाई और बाल-बाल बच गए। घटना से गांव में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, पटेली सर्किल के सिंघोला गांव में धरमुराम कुलदीप के सूने मकान में भालू के घुसने की सूचना वन विभाग को मिली थी। इसके बाद पटेली और मंगलतराई सर्किल के वनकर्मी मौके पर पहुंचे। आरोप है कि वन विभाग की टीम बिना किसी सुरक्षा किट और उच्च अधिकारियों को सूचना दिए ही भालू को रेस्क्यू करने पहुंच गई।
वनकर्मी भालू को मकान से बाहर निकालकर जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान भालू अचानक मकान से बाहर निकला और डिप्टी रेंजर नीलकंठ साहू पर हमला कर दिया। हालांकि, इस घटना में डिप्टी रेंजर की जान बच गई।
इस घटना ने वन विभाग की रेस्क्यू व्यवस्था और वनकर्मियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जंगली जानवरों के रेस्क्यू जैसे संवेदनशील काम में सुरक्षा उपकरणों और पर्याप्त तैयारी की जरूरत होती है। ऐसे में बिना सुरक्षा किट के वनकर्मियों का मौके पर पहुंचना जोखिम भरा साबित हो सकता था।
ग्रामीण जागेश्वर ठाकुर के मुताबिक, भालू दो से तीन दिन पहले ही मकान में घुसा होगा। मकान लंबे समय से खाली होने के कारण किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, भालू ने घर के अंदर जमीन खोद दी और वहां रखे सामान को भी काफी नुकसान पहुंचाया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि मकान मालिक के नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिया जाए।



