CG – बेलटुकरी बीमार छात्र से साफ सफाई कराते वीडियो वायरल प्रधान पाठिका की बढ़ी मुश्किलें नोटिस जारी 3 दिन में माँगा गया जवाब पढ़े पूरी ख़बर
बिलासपुर//सरकारी स्कूलो में लापरवाही का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा अब मस्तूरी विकास खण्ड के शासकीय प्राथमिक शाला बेलटुकरी में एक बीमार छात्र से साफ-सफाई कराए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में शिक्षा विभाग ने गंभीरता दिखाई है। मामले में जिला शिक्षा अधिकारी, बिलासपुर ने स्कूल की प्रधान पाठक भारती खाण्डे को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिवस के भीतर लिखित एवं तथ्यात्मक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जारी नोटिस के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को शासकीय प्राथमिक शाला बेलटुकरी से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से वायरल हुआ था। वीडियो में एक बीमार छात्र से साफ-सफाई कराए जाने की शिकायत सामने आई थी।
जिला शिक्षा अधिकारी बिलासपुर ने प्रथम दृष्टया मामले को विद्यालय संचालन एवं प्रशासनिक नियंत्रण में लापरवाही का संकेत मानते हुए इसे पदीय कर्तव्यों के विपरीत तथा छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियमों के प्रतिकूल बताया है।
नोटिस में प्रधान पाठक से पूछा गया है कि उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों न की जाए। उन्हें पत्र प्राप्त होने के तीन दिवस के भीतर अपना स्पष्ट, लिखित एवं तथ्यात्मक स्पष्टीकरण जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के समक्ष प्रस्तुत करने कहा गया है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयावधि में संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं होने पर संबंधित प्रधान पाठक के विरुद्ध नियमानुसार एकतरफा कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।




