छत्तीसगढ़

CG नक्सली फंडिंग पर पुलिस की बड़ी चोट,भैरमगढ़ के जंगल से 39 लाख 77 हजार रुपये का कैश डंप बरामद

आपके

भैरमगढ़ में पुलिस को बड़ी सफलता, नक्सल डंप से 39 लाख 77 हजार रुपये नकद बरामद,मुखबिर की सूचना पर स्पेशल टीम ने जंगल में चलाया सर्च ऑपरेशन, जमीन में छिपाकर रखा गया था कैश

छत्तीसगढ़ बीजापुर। जिले के भैरमगढ़ एरिया में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बीजापुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की स्पेशल टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बड़े पल्ली गांव के जंगल क्षेत्र से नक्सल डंप बरामद किया है। डंप से पुलिस ने 39 लाख 77 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि भैरमगढ़ क्षेत्र के बड़े पल्ली गांव के आसपास नक्सलियों द्वारा बड़ी मात्रा में नकदी छिपाकर रखी गई है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए बीजापुर पुलिस ने तत्काल स्पेशल टीम गठित कर क्षेत्र में सर्चिंग अभियान शुरू किया।

सर्चिंग के दौरान जवानों को जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया एक डंप मिला। डंप की जांच करने पर उसमें नोटों की गड्डियां बरामद हुईं। पुलिस ने बरामद रकम की गिनती कराई, जिसमें कुल 39 लाख 77 हजार रुपये नकद पाए गए।

नक्सली गतिविधियों के लिए इस्तेमाल होने की आशंका

पुलिस के अनुसार बरामद नकदी नक्सली संगठन द्वारा लेवी, वसूली और अन्य अवैध गतिविधियों से जुटाई गई रकम होने की आशंका है। पुलिस का कहना है कि इस रकम का इस्तेमाल नक्सली गतिविधियों के संचालन, हथियार और अन्य संसाधन जुटाने में किया जाना था।

पुलिस ने बरामद पूरी रकम को जब्त कर लिया है और अब इस मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच के दौरान पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि रकम कहां से जुटाई गई थी और इसे डंप तक पहुंचाने में किन लोगों की भूमिका रही।

सर्चिंग अभियान हुआ तेज

नक्सल डंप से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद होने के बाद भैरमगढ़ क्षेत्र में सुरक्षा बलों द्वारा सर्चिंग अभियान और तेज कर दिया गया है। पुलिस द्वारा इलाके में नक्सलियों के संभावित ठिकानों और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Related Articles

Back to top button