छत्तीसगढ़

CG – बैगा समाज की बड़ी पहल, शादी में DJ और शराब पर लगा बैन, इस वजह से लिया फैसला…..

कवर्धा। आर्थिक तंगी, बढ़ते कर्ज, नशे की लत और अपनी विलुप्त होती पारंपरिक संस्कृति को बचाने के लिए कबीरधाम (कवर्धा) जिले के बैगा समाज ने एक मिसाल कायम की है। ग्राम हरमों में आयोजित बैगा समाज (सेक्टर भोरमदेव) की विशेष बैठक में सर्वसम्मति से कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए। इस बैठक में शादी-विवाह और अन्य मांगलिक अवसरों पर डीजे (DJ) तथा शराब के सेवन और परोसने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है।

दिखावे और कर्ज से मिलेगी मुक्ति, फिर गूंजेगी मांदर की थाप

समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि आधुनिक दिखावे और डीजे के बढ़ते चलन के कारण गरीब परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा था। कई परिवार शादी का खर्च उठाने के लिए कर्ज लेने को विवश हो जाते थे, जिससे बाद में जमीन बिकने और पारिवारिक विवाद जैसी गंभीर स्थितियां पैदा हो जाती थीं।

अब समाज ने निर्णय लिया है कि शादी, छठी या अन्य आयोजनों में डीजे के स्थान पर बैगा समाज की पारंपरिक पहचान – मांदर और नगाड़ा की धुनों को फिर से जीवंत किया जाएगा। गौरतलब है कि बैगा जनजाति को राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र का दर्जा प्राप्त है। प्रदेश में इनकी सर्वाधिक आबादी (लगभग 60 हजार) कबीरधाम जिले के वनांचलों में निवास करती है।

इन नियमों का मकसद किसी पर पाबंदी लगाना नहीं, बल्कि गरीब परिवारों को कर्ज के दलदल से बचाना और नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ना है।

सामाजिक एकजुटता को सुदृढ़ करने के लिए मृत्यु संस्कार (दशगात्र) के लिए भी नया नियम बनाया गया है। इसके तहत सेक्टर के प्रत्येक गांव से, किसी भी परिवार में मृत्यु होने पर हर घर से अनिवार्य रूप से 20 रुपये नकद और एक पैली (लगभग 4 से 5 किलोग्राम) चावल सहयोग के रूप में दिया जाएगा, जिससे पीड़ित परिवार को आर्थिक और सामाजिक संबल मिल सके।

नशामुक्ति पर सख्त कदम

सामाजिक कार्यक्रमों में शराब के कारण बिगड़ते माहौल और कमजोर होती आर्थिक स्थिति को देखते हुए आयोजनों में शराब परोसने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।

इस बैठक में सेक्टर भोरमदेव के अध्यक्ष शुक्लाल बैगा, संरक्षक कृष्णा बैगा, पूर्व जिलाध्यक्ष एवं जिला संरक्षक कामू बैगा, झूलूराम बैगा सहित बड़ी संख्या में समाज के बुजुर्ग और ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में इन सामाजिक नियमों का निष्ठापूर्वक पालन करने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button