CG- अवैध संबंध के शक में खूनी खेल : चाचा-भतीजे ने 22 साल के युवक की हत्या, मारकर तालाब में फेंका, ऐसे खुला राज….

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम बेमता में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। यहां अवैध संबंध के शक में चाचा और भतीजे ने मिलकर 22 वर्षीय युवक की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के इरादे से शव को सीमेंट की बोरी में बांधा और तालाब में फेंक दिया। मामले की जांच के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 22 वर्षीय पुरुषोत्तम पाल के रूप में हुई है। पुरुषोत्तम 14 नवंबर को दोपहर करीब 3ः 30 बजे बेमता ईंट भट्ठे के पास से अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो 15 नवंबर को उसके पिता धनेश पाल ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस की जांच में सामने आया कि, गांव के ही शंकर पाल को अपनी पत्नी और पुरुषोत्तम के बीच प्रेम संबंध होने का गहरा शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। घटना वाले दिन शंकर पाल, उसका भतीजा किशन उर्फ पिंटू यादव और पुरुषोत्तम एक साथ देखे गए थे। इसी सुराग को आधार बनाकर पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया और कड़ाई से पूछताछ की, जिसके बाद उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि, उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से पुरुषोत्तम पर टंगिया से सिर, गर्दन और शरीर पर कई गंभीर वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद हत्या को छुपाने के लिए शव को सीमेंट की बोरी से बांधकर गांव के ही मंजरी डबरी तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तालाब से शव बरामद कर लिया है, जिसके शरीर पर धारदार हथियार के निशान मिले हैं।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अहम सबूत जुटाए हैं। इस मामले में पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल टंगिया, डंडा और दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।



