CG ब्रेकिंग : प्रदेशभर में आंदोलनरत कर्मचारियों ने सौंपा सामूहिक इस्तीफा, बर्खास्तगी के बाद भड़का आक्रोश, सीएमएचओ को सौंपा पत्र…..

रायपुर। छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की हड़ताल लगातार 18वें दिन भी जारी है। अल्टीमेटम के बावजूद ड्यूटी पर नहीं लौटने पर जहाँ कल NHM के 25 पदाधिकारियों को बर्खास्त कर दिया गया। वहीँ अब इससे नाराज 16000 कर्मचारियों ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया है। NHM कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों पर बर्खास्तगी की कार्रवाई के बाद आंदोलनरत कर्मचारी आक्रोशित हो गए हैं। प्रदेशभर में आज एनएचएम कर्मचारियों ने अपने-अपने जिले के स्वास्थ्य अधिकारी को सामूहिक इस्तीफा सौंपा है। बस्तर जिले में 887, कांकेर में 655, बलौदाबाजार जिले में 421 एनएचएम कर्मचारियों ने सामूहिक इस्तीफा दिया है।
बता दें कि नोटिस के बाद भी काम पर नहीं लौटने पर सरकार ने 35 एनएचएम अधिकारी-कर्मचारियों की सेवा समाप्ति कर दी है। इसके चलते अब आक्रोश बढ़ गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय रायपुर में रायपुर जिले के NHM अधिकारी-कर्मचारी इस्तीफा देने पहुंचे हैं। CMHO कार्यालय के सामने प्रदर्शन जारी है।
नियमितीकरण समेत 10 सूत्री मांगो को लेकर NHM कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है। बलौदाबाजार जिले में 421 एनएचएम कर्मचारियों ने अपना इस्तीफा सीएमएचओ को सौंप दिया है। वहीं कांकेर में 655 स्वास्थ्यकर्मियों ने अपना सामूहिक इस्तीफा जिला स्वास्थ्य अधिकारी को सौंपा है।
इन 10 मांगों को लेकर कर रहे प्रदर्शन
बता दें, एनएचएम कर्मचारी 10 सूत्री मांगो को लेकर हड़ताल पर है। कर्मचारी संविलियन, स्थायीकरण, 27% लंबित वेतन वृद्धि, कार्य मूल्यांकन में पारदर्शिता, ग्रेड पे निर्धारण, अनुकंपा नियुक्ति, महिला कर्मियों के लिए विशेष अवकाश नीति, ट्रांसफर सुविधा, पब्लिक हेल्थ कैडर की स्थापना और 10 लाख रुपये की कैशलेस मेडिकल बीमा की मांग को लेकर हड़ताल कर रहे हैं।