CG ब्रेकिंग : एडिशनल कलेक्टर गिरफ्तार, इस बड़े कांड को दिया अंजाम, जाने क्या है पूरा मामला……

रायपुर। भारतमाला परियोजना मुआवजा घोटाले में एडिशनल कलेक्टर निर्भय कुमार साहू को गिरफ्तार कर लिया गया है। निर्भय कुमार साहू पर आरोप है कि अभनपुर में भूमि अधिग्रहण के दौरान एसडीएम और भू अर्जन प्राधिकारी रहते हुए सुनियोजित तरीके से अन्य लोगों के साथ मिलकर मुआवजा घोटाले को अंजाम देते हुए शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाई थी।
घोटाले के आरोप में मार्च 2025 में जगदलपुर नगर निगम आयुक्त रहते हुए निलंबित कर दिया गया था। राज्य सरकार ने प्रकरण की जांच ईओडब्लू को सौंपी थी। एफआईआर होने के बाद से निर्भय कुमार साहू फरार चल रहे थे. इस बीच सुप्रीम कोर्ट से भी उनकी जमानत खारिज हो गई थी। अब उन्हें गिरफ्तार कर एसीबी ने पूछताछ के लिए 13 दिनों का रिमांड लिया है।
ब्यूरो में विवेचनाधीन अपराध क्रमांक 30/2025, धारा 409, 467, 468, 471, 420, 120बी, भा.द.वि. एवं 7 सी, 12 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 यथासंशोधित अधिनियम 2018 में रायपुर-विशाखापट्नम एवं दुर्ग-बायपास भारतमाला परियोजना सड़क निर्माण के मामले में महत्वपूर्ण फरार आरोपी निर्भय कुमार साहू, तत्कालीन अनुविभागीय अधिकारी / सक्षम प्राधिकारी, भू-अर्जन अभनपुर, जिला रायपुर द्वारा पद का दुरूपयोग कर आपराधिक षडयंत्रपूर्वक अपने अधीनस्थ पटवारी, राजस्व निरीक्षक, जमीन कारोबारी हरमीत सिंह खनूजा, उमा तिवारी व अन्य के साथ सांठगांठ कर सुनियोजित तरीके से तहसील अभनपुर के ग्राम नायकबांधा, उगेतरा, उरला, भेलवाडीह, टोकरो (तहसील अभनपुर, जिला रायपुर) के प्रभावित भूमि को पिछली तिथि (Back Date) में विभिन्न उपखंडो में विभक्त कर वास्तविक मुआवजा से कई गुना अधिक मुआवजा राशि वितरित की गई तथा नायकबांधा जलाशय की पूर्व में अधिग्रहित भूमि को भारतमाला परियोजना के लिये पुनः अधिग्रहित कर मुआवजा प्रदान किया गया, जिससे शासन को करोड़ो रूपये की आर्थिक हानि हुई।
निर्भय कुमार साहू द्वारा उच्चतम न्यायालय में जमानत याचिका दायर की गई थी जिसे निरस्त कर दी गई थी तथा इनके एवं अन्य फरार चल रहे लोकसेवकों के विरूद्ध पूर्व में विशेष न्यायालय से स्थायी गिरफ्तारी वारंट एवं उद्घोषणा जारी की गई थी।
आरोपी निर्भय कुमार साहू लगातार फरार चल रहे थे, जिसकी पत्तासाजी लगातार की जा रही थी। आरोपी निर्भय कुमार साहू को गिरफ्तार कर पूछताछ हेतु मविशेष न्यायालय, रायपुर से 17 मार्च से 30 मार्च तक पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है।



