छत्तीसगढ़

CG Breaking : सहायक अभियंता व उप अभियंता निलंबित, ठेकेदार भी होगा ब्लैकलिस्ट, इस लापरवाही पर हुई बड़ी कार्रवाई, जाने पूरा मामला…..

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत निर्मित सड़क के धंसने के मामले में राज्य सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह ने कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड अंतर्गत दलदली मेन रोड खारिया से अगरी तक बनी सड़क का मौके पर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित सहायक अभियंता और उप अभियंता को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

निरीक्षण के दौरान सड़क की गुणवत्ता का वैज्ञानिक परीक्षण करने के लिए कोर कटिंग कराई गई। तकनीकी जांच में पाया गया कि सड़क की अधिकांश निर्माण गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप है, लेकिन सड़क के क्षतिग्रस्त होने का मुख्य कारण उसकी क्षमता से कई गुना अधिक भार वाले वाहनों का संचालन और शोल्डर निर्माण में तकनीकी खामियां हैं।

जांच में सामने आया कि जिस सड़क पर केवल 10 से 12 टन क्षमता वाले वाहनों के संचालन की अनुमति है, वहां 60 से 70 टन तक रेत से लदे भारी वाहन लगातार चल रहे थे। इससे सड़क पर अत्यधिक दबाव पड़ा और वह कई स्थानों पर धंस गई।

सचिव भीम सिंह ने निर्माण कार्य की निगरानी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर सहायक अभियंता सौरभ देशमुख और उप अभियंता जे. रितेश नायडू को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा कार्यपालन अभियंता संतोष कुमार ठाकुर के निलंबन के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से को पूरी तरह उखाड़कर दोबारा गुणवत्ता के साथ बनाया जाए। साथ ही पूरी सड़क के शोल्डर (किनारों) को भी तकनीकी मानकों के अनुरूप मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।

जांच के दौरान यह पाया गया कि सड़क के शोल्डर का कॉम्पैक्शन निर्धारित 100 प्रतिशत मानक से कम था। एक स्थान पर यह 95 प्रतिशत और दूसरे स्थान पर 94.68 प्रतिशत दर्ज किया गया। इसके अलावा एक पुलिया के एप्रोच पर बैकफिलिंग (मिट्टी भराई) भी मानकों के अनुरूप नहीं की गई थी। बारिश के दौरान पानी शोल्डर के माध्यम से सड़क की निचली सतह तक पहुंच गया, जिससे सड़क अंदर से कमजोर होकर धंस गई।

हालांकि, जीएसबी, डब्ल्यूबीएम और बीटी कार्य की गुणवत्ता जांच में ग्रेडेशन, कम्पैक्शन और बाइंडर कंटेंट निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए।

सचिव भीम सिंह ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बनी सड़कों पर क्षमता से अधिक भार वाले वाहनों के संचालन पर रोक लगाई जाएगी। इसके लिए परिवहन, पुलिस और राजस्व विभाग संयुक्त रूप से कार्रवाई करेंगे ताकि भविष्य में सरकारी निर्माण कार्यों को नुकसान न पहुंचे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button