CG ब्रेकिंग : छत्तीसगढ़ में स्कूलों की छुट्टी पर बड़ा अपडेट! दिवाली अवकाश बढ़ा, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने किया ऐलान

रायपुर, 15 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के स्कूली बच्चों के लिए बड़ी खबर है। प्रदेश में दीपावली की छुट्टियां एक दिन बढ़ा दी गई हैं। अब बच्चों को 10 नवंबर की जगह 11 नवंबर तक छुट्टी मिलेगी। शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने इसकी घोषणा की है।
मीडिया से चर्चा के दौरान शिक्षा मंत्री ने बताया कि दीपावली की छुट्टियां एक दिन बढ़ाने की लगातार मांग की जा रही थी। बच्चों और अभिभावकों की मांग को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने अवकाश बढ़ाने का निर्णय लिया है।
पहले 6 से 10 नवंबर तक था अवकाश
स्कूल शिक्षा विभाग ने पहले प्रदेश के सभी स्कूलों में दीपावली के अवसर पर 6 नवंबर से 10 नवंबर तक पांच दिन की छुट्टी घोषित की थी। अब इसमें एक दिन की बढ़ोतरी के बाद छुट्टियां 11 नवंबर तक रहेंगी।
दशहरा और शीतकालीन अवकाश की तारीखें भी घोषित
स्कूल शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र के लिए दशहरा, दीपावली और शीतकालीन अवकाश का कैलेंडर भी जारी किया है। इसके तहत तीनों अवसरों पर पांच-पांच दिन की छुट्टियां निर्धारित की गई थीं।
इस तरह प्रदेश के स्कूलों में दशहरा, दीपावली और शीतकालीन अवकाश के लिए कुल 15 दिनों की छुट्टियां निर्धारित की गई थीं। दीपावली की छुट्टी बढ़ने से अब विद्यार्थियों को एक दिन अतिरिक्त अवकाश मिलेगा।



