CG ब्रेकिंग : भाजपा किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष समेत दो की मौत, ऐसे हुए हादसे के शिकार, इलाके में शोक की लहर……

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां दो बाइकों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में भाजपा नेता कमला प्रसाद उर्फ संजय यादव समेत दो लोगों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। यह घटना खड़गवां चौकी क्षेत्र की है।
खड़गवां चौकी क्षेत्र में नेशनल हाइवे 43 पर दो बाइकों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक चकनाचूर हो गई। इसमें भाजपा किसान मोर्चा बतौली मंडल अध्यक्ष कमला प्रसाद उर्फ संजय यादव और उसके साथी की मौत हो गई। वहीं दूसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि भाजपा किसान मोर्चा बतौली मंडल अध्यक्ष कमला प्रसाद उर्फ संजय यादव (32) अपने साथी राजू सिंह (32) के साथ बुधवार रात घर लौट रहे थे, तभी खड़गवां चौकी क्षेत्र में नेशनल हाइवे 43 पर सामने से आ रही एक बाइक से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार उछलकर गिर गए।
इस घटना में कमला प्रसाद उर्फ संजय यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राजू और प्रमोद गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर नहीं होने के चलते उन्हें अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। यहां इलाज के दौरान आज राजू की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी है।



