छत्तीसगढ़

CG ब्रेकिंग : छत्तीसगढ़-आंध्रप्रदेश सीमा पर दर्दनाक हादसा, तीर्थयात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, 8 की मौत, कई घायल, मौके पर मची चीख पुकार…..

सुकमा। छत्तीसगढ़ सीमा से सटे आंध्र प्रदेश के मारेडमिल्ली घाट में अत्यंत दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। प्राइवेट ट्रेवल्स बस के खाई में गिरने से 8 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं कई यात्री घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए चिंतूर अस्पताल भेजा जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह बस आंध्र प्रदेश के अरुकु क्षेत्र से रायलसीमा के चित्तूर जा रही थी। शुक्रवार की सुबह जब बस मारेडमिल्ली घाट के खतरनाक मोड़ से गुजर रही थी, तभी चालक ने नियंत्रण खो दिया और यात्रियों से भरी बस कई फीट नीचे खाई में गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि घटनास्थल पर ही 8 लोगों ने दम तोड़ दिया। मृतकों में अधिकांश तीर्थयात्री बताए जा रहे हैं, जो संभवत किसी धार्मिक यात्रा के लिए जा रहे थे।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, वन विभाग के अधिकारी और राहत दल तुरंत मौके पर पहुँचे। घायलों को तत्काल पास के चिंतूर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है। कई घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिसके चलते मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

राहत और बचाव कार्य

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने स्थानीय निवासियों की मदद से तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। गहरी खाई में गिरे होने के कारण बचाव कार्य में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। राहत दल ने रस्सियों की मदद से शवों को बाहर निकाला और घायलों को स्ट्रेचर के माध्यम से सड़क तक पहुँचाया। दुर्घटना में मारे गए यात्रियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है, जिससे उनके परिजनों को सूचित किया जा सके। बस के दुर्घटनाग्रस्त होने के पीछे प्राथमिक रूप से तेज रफ्तार और घाट सेक्शन में मोड़ पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button