CG ब्रेकिंग : छत्तीसगढ़ में पंचायत और निकाय उपचुनाव की तारीखों का ऐलान, आज से नामांकन प्रक्रिया शुरू,देखें पूरा शेड्यूल…..

रायपुर। छत्तीसगढ़ में होने वाले नगरीय निकायों और त्रिस्तरीय पंचायतों के आम तथा उपचुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया आज 11 मई से शुरू होगी, जो 18 मई तक चलेगी। नामांकन पत्रों की जांच 19 मई को की जाएगी। उम्मीदवार 21 मई तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान एक ही चरण में 1 जून को होगा, जबकि परिणाम 4 जून को घोषित किए जाएंगे।
गौरतलब है कि नगरीय निकायों में अध्यक्ष के 5 और पार्षद के 70 सहित कुल 82 पदों पर चुनाव होगा। वहीं, त्रिस्तरीय पंचायतों में जनपद पंचायत सदस्य के 10, सरपंच के 82 और पंच के 1 हजार 136 सहित कुल 1 हजार 228 रिक्त पदों के लिए चुनाव होगा।
मतदान केंद्र और मतदाता संख्या
नगरी निकायों के 44,525 तथा पंचायतों के 10,37,789 मतदाता चुनाव में भाग लेंगे। मतदान के लिए नगरी निकायों में 115 और पंचायतों में 937 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। आयोग की सचिव शिखा राजपूत तिवारी ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए 33 सामान्य प्रेक्षक नियुक्त किए गए हैं।
ईवीएम और बैलेट से मतदान
नगरी निकायों में मतदान ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) से कराया जाएगा, जबकि पंचायत चुनाव बैलेट पेपर से होंगे। नगरी निकायों में मतदान सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक और पंचायतों में सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक होगा।



