CG ब्रेकिंग : कांग्रेस नेता के आफिस में चली दनादन गोली, हमले में दो लोग घायल, काबपोश बाइक सवारों ने दिया वारदात को अंजाम, इलाके में मचा हड़कंप……

बिलासपुर। जिले के मस्तूरी क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। जहां अज्ञात बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने जनपद उपाध्यक्ष और कांग्रेस नेता नितेश सिंह के निजी ऑफिस के सामने फायरिंग कर दी। इस हमले में नितेश सिंह के पास बैठे दो लोग गोली लगने से घायल हो गए हैं। फिलहाल दोनों घायलों को इलाज के लिए अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूत्रों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब नितेश सिंह के पर्सनल ऑफिस के बाहर कुछ लोग मौजूद थे। इसी दौरान तीन नकाबपोश हमलावर बाइक पर सवार होकर वहां पहुंचे और अचानक दो राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से नितेश सिंह के रिश्तेदार चंद्रकांत सिंह ठाकुर और कर्मचारी राजू ठाकुर घायल हो गए। दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
गोलीबारी की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मस्तूरी और तोरवा थाने की टीम मौके पर पहुंची।
एसएसपी रजनेश सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हमलावरों की तलाश के लिए पूरे तोरवा-मस्तूरी क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी गई है। सभी थानेदारों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। फॉरेंसिक टीम और साइबर यूनिट को भी जांच में लगाया गया है।



