छत्तीसगढ़

CG- बहनोई की बेरहमी से हत्या: साले-भाभी ने डंडे और लात-घूंसों से पीटकर उतारा मौत के घाट, दोनों गिरफ्तार, जानिए पूरी घटना…..

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में बहनोई की हत्या करने वाले साले और भाभी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। विवाद के बाद दोनों ने मिलकर लात-मुक्के और डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने मामले में दोनो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पूरी घटना कोतबा चौकी क्षेत्र के ग्राम फरसाटोली की है।

जानिए पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, मृतक मुरली राम यादव का विवाह अपने ही गांव फरसा टोली की सोनिया यादव के साथ हुआ था। दोनों का एक बेटा भी है। 30 मार्च को अपने बेटे के जन्मदिन के अवसर पर मृतक के घर में केक काटकर जन्मदिन मनाये। जन्मदिन मनाने के बाद शाम को मृतक की पत्नी अपने बेटे के साथ जन्मदिन की मिठाई पहुंचाने फरसा टोली गांव में ही अपने मायके में अपने भाइयों के यहां गई हुई थी। इसी दौरान रात 11 बजे मृतक मुरली राम शराब के नशे में छोटे साले आरोपी शिवकुमार यादव व बड़े साले की पत्नी मिथिला यादव के साथ वाद-विवाद करने लगा।

मृतक व उसकी पत्नी का प्रेम विवाह हुआ था, जिस कारण मृतक तथा उसके ससुराल पक्ष के मध्य विवाद होते रहता था। पुरानी रंजिश को लेकर, मृतक के छोटे साले शिव कुमार व बड़े साले की पत्नी मिथिला यादव के साथ विवाद होने लगा। दोनों ने मिलकर मृतक मुरली राम यादव को जमीन में पटककर लात मुक्के से सीने व पेट में वार किये।

इसी दौरान आरोपिया मिथिला यादव के द्वारा भी डंडे से मृतक मुरली राम यादव के साथ मारपीट की गई थी। मृतक की पत्नी के द्वारा बीच बचाव करने के बाद आरोपियों ने मृतक मुरली राम यादव को छोड़ा था। घटना के बाद रात करीब 12 बजे मृतक मुरली राम यादव वापस अपने घर लौट गया था। दूसरे दिन मृतक की तबियत ज्यादा खराब होने पर उसे CHC कोतबा लेकर आये। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उड़ीसा राज्य के सुंदरगढ़ के मेडिकल कॉलेज लाया गया।

ईलाज के दौरान 4 अप्रैल को मुरली राम यादव की मृत्यु हो गई। प्रकरण में सुंदरगढ़ सिटी कोतवाली पुलिस के द्वारा शव के पंचनामा के बाद चौकी कोतबा थाना बागबहार में अपराध क्रमांक 38/2026, दर्ज कर बी एन एस की धारा 103(1),3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

मामले में दोनों आरोपियों क्रमशः शिव कुमार यादव व मिथिला यादव को हिरासत में लिया गया। पूछताछ पर दोनों आरोपियों के द्वारा अपराध स्वीकार करने पर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

Related Articles

Back to top button