CG:साजा में सेवा सेतु का कमाल: 1 घंटे में बना केंद्रीय जाति प्रमाण पत्र..त्वरित सेवा से खुश आवेदक ने शासन और जिला प्रशासन का जताया आभार.. साजा SDM कृष्ण कुमार साहु ने सौंपे हितग्राही को जाति प्रमाण पत्र
साजा SDM कृष्ण कांत साहु

संजू जैन जिला संवाददाता बेमेतरा
7000885784
बेमेतरा(साजा):छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आम नागरिकों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने से मुक्ति दिलाने और शासकीय कार्यों में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से शुरू किए गए ‘सेवा सेतु पोर्टल’ के बेहतरीन और सुखद परिणाम अब जमीनी स्तर पर दिख रहे हैं। साजा अनुविभाग के अंतर्गत इस पोर्टल के माध्यम से आवेदकों को बिना किसी विलंब या परेशानी के त्वरित गति से सेवाएं प्राप्त हो रही हैं, जिससे प्रशासन के प्रति आम जनता का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो रहा है।
हाल ही में डिजिटल गवर्नेंस और प्रशासनिक तत्परता का एक बेहद सराहनीय मामला साजा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय में देखने को मिला। प्रकाश कुमार साहू अपनी पत्नी लता साहू का केंद्रीय जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए साजा एसडीएम कार्यालय पहुंचे थे। लता साहू के पास पूर्व से ही उनके पैतृक ग्राम हाथीडोब (अनुविभाग साजा) से जारी स्थायी जाति प्रमाण पत्र उपलब्ध था। चूंकि उन्हें आगामी केंद्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सम्मिलित होना था, इसलिए उन्हें केंद्रीय प्रारूप वाले जाति प्रमाण पत्र की अति शीघ्र आवश्यकता थी।
पोर्टल की सुगमता: 1 घंटे में पूरी हुई जटिल प्रक्रिया
आमतौर पर प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया को लेकर आम जनमानस में यह धारणा होती है कि इसमें कई दिन लग सकते हैं। लेकिन आवेदक प्रकाश कुमार साहू का अनुभव इसके बिल्कुल विपरीत रहा। उन्होंने एसडीएम कार्यालय साजा में संपर्क किया, जहां संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों ने सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से उनकी सहायता की।
सबसे पहले आवश्यक दस्तावेज के रूप में उनका आय प्रमाण पत्र तत्काल जारी कर दिया गया। इसके तुरंत बाद, पोर्टल की सुगम और तेज कार्यप्रणाली के चलते मात्र 1 घंटे के भीतर केंद्रीय जाति प्रमाण पत्र भी बनकर आवेदक के हाथों में सौंप दिया गया।
आवेदक ने की मुक्तकंठ से प्रशंसा
प्रशासनिक अमले की इस कार्यकुशलता और इतनी तीव्र सेवा मिलने पर आवेदक प्रकाश कुमार साहू ने अत्यंत खुशी और संतोष जाहिर किया। उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) साजा, जिला प्रशासन बेमेतरा एवं छत्तीसगढ़ शासन का सहृदय धन्यवाद ज्ञापित किया।
सेवा सेतु पोर्टल की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा, “प्रशासन की यह नई डिजिटल व्यवस्था आम जनता के लिए बेहद सुविधाजनक है। इससे न केवल समय और धन दोनों की बचत होती है, बल्कि प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी है। एक घंटे के भीतर प्रमाण पत्र का मिलना किसी सपने के सच होने जैसा है।”




