CG – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जगदलपुर में हुआ भव्य रोड-शो, प्रदेशाध्यक्ष, मंत्री एवं महापौर प्रत्याशी हुए शामिल, विष्णुदेव साय ने कहा कि जगदलपुर में विकास का कमल खिलाएं, भाजपा के महापौर और पार्षद प्रत्याशियों को विजयी बनाएं…
![](https://nayabharat.live/wp-content/uploads/2025/02/IMG_20250209_094422.jpg)
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जगदलपुर में हुआ भव्य रोड-शो, प्रदेशाध्यक्ष, मंत्री एवं महापौर प्रत्याशी हुए शामिल
जगदलपुर में विकास का कमल खिलाएं, भाजपा के महापौर और पार्षद प्रत्याशियों को विजयी बनाएं – सीएम विष्णुदेव साय
कमल का बटन दबाकर विकसित जगदलपुर के सपने को साकार करें – प्रदेश अध्यक्ष किरण देव
शहर के समस्त जनमानस का स्नेह और विश्वास ही हमारी ताकत है – मंत्री केदार कश्यप
माँ दंतेश्वरी एयरपोर्ट के समक्ष प्रारंभ हुआ मुख्यमंत्री साय का रोड-शो, मांई दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना कर शहर के चाँदनी चौक में हुआ समापन
पार्षद प्रत्याशियों, विभिन्न समाज व संस्थाओं द्वारा हुआ प्रदेश के मुखिया का जोशीला स्वागत
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भाजपा महापौर प्रत्याशी संजय पाण्डे एवं पार्षद प्रत्याशियों के लिये जनता से मांगा समर्थन
जगदलपुर। नगरीय निकाय चुनाव में जगदलपुर का किला जीतने के लिये भारतीय जनता पार्टी हर संभव प्रयास कर रही है। शनिवार को मुख्यमंत्री विष्णदेव साय का भव्य रोड-शो जगदलपुर शहर में आयोजित हुआ। जहां भाजपा पार्षद प्रत्याशियों, कार्यकर्ताओं, विभिन्न समाजों एवं संस्थाओं के द्वारा जगह-जगह मुख्यमंत्री साय का स्वागत-अभिनंदन किया गया। जगदलपुर नगर निगम के भाजपा महापौर प्रत्याशी संजय पाण्डे के पक्ष में प्रचार करने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का रोड-शो एयरपोर्ट के समक्ष माडिया चौक से शुरू हुआ।
जहां कुम्हारपारा रोड, शहीद पार्क, झंकार टाकीज, सिटी कोतवाली, स्टेट बैंक चौक, महावीर चौक, नावेल्टी चौक, मेन रोड, गोल बाजार चौक, सिरहासार चौराहे से मुख्यमंत्री श्री साय के रोड-शो का काफिला गुजरा। इस दौरान माई दंतेश्वरी मंदिर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने माथा टेक पूजा अर्चना की एवं प्रदेश सहित बस्तरवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। जहाँ से प्रदेश के मुखिया का रोड-शो गुरुनानक चौक, संजय मार्केट, हनुमान मंदिर चौराहा से होते हुए चाँदनी चौक में संपन्न हुआ।
सीएम विष्णुदेव साय ने चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार नगर निगम चुनाव में झूठा, लबरा व भ्रष्टाचारी कांग्रेस सरकार को मौका नहीं देना है। सालों साल इन्होंने भ्रष्टाचार में पूरा समय बिताया।
इसमें पीएससी घोटाला, शराब घोटाला, रेत घोटाला, महादेव सट्टा ऐप घोटाला शामिल हैं।
उन्होंने कहा यदि निगम में हमारी सरकार बनती है तो यहां के लोगों की वर्षों पुरानी पट्टे की मांग को पूरा करेंगे। उन्होंने कहा नजूल भूमि पर वर्षों से काबिज लोगों को भू-स्वामित्व का पट्टा देंगे। वहीं महिलाओं के नाम से प्रॉपर्टी पर टैक्स में 25 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। जिनका समेकित कर लंबे समय से लंबित है, उनका एकमुश्त समाधान किया जाएगा।
सीएम विष्णुदेव साय ने संकल्प पत्र के वायदों को साझा करते हुए भाजपा प्रत्याशियों को समर्थन देकर प्रचण्ड मतों से विजयी बनाने की अपील की। साथ ही दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक विजय मिलने पर कहा कि जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कामों और भाजपा पर अपना विश्वास जताया है, मैं मतदाताओं का सहृदय आभार व्यक्त करता हूँ।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने भी उपस्थितजनों को संबोधित किया। उन्होंने जगदलपुर नगर पालिक निगम के महापौर प्रत्याशी एवं पार्षद प्रत्याशी के समर्थन में आशीर्वाद देने की अपील की।
देव ने कहा कि क्षेत्र के परिवारजनों में जो उत्साह दिख रहा है उससे यह स्पष्ट है कि जगदलपुर में भाजपा की ऐतिहासिक जीत होने जा रही है। यह उत्साह और आप सभी का हर एक वोट जगदलपुर के बेहतर भविष्य की नींव रखेगा, आईए कमल का बटन दबाकर विकसित जगदलपुर का सपना हम सब मिलकर साकार करें।
मंत्री एवं चुनाव संलाचक केदार कश्यप ने अपने संबोधन में नगरीय निकाय से भाजपा के महापौर प्रत्याशी संजय पांडेय एवं भाजपा समर्थित पार्षद प्रत्याशियों के पक्ष में जनमानस से वोट करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता का यह उत्साह और प्रेम बता रहा है कि, भाजपा इस बार शहर में प्रचंड मतों से झंडा बुलंद करने वाली है। प्रदेश के जनप्रिय मुख्यमंत्री माननीय श्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में हम निश्चित ही जगदलपुर में प्रचंड मतों से जीतेंगे। शहर के समस्त जनमानस का स्नेह और विश्वास ही हमारी ताकत है।
इस अवसर पर महापौर प्रत्याशी संजय पाण्डे ने भी जनता से समर्थन रूपी आशीर्वाद की अपील की।
समापन के दौरान बस्तर सांसद महेश कश्यप ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विधायक विनायक गोयल, वरिष्ठ भाजपा नेता शरद अवस्थी, पूर्व विधायक संतोष बाफना, जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय, पूर्व अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, सफीरा साहू सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता एवं जनमानस मौजूद रहे।