CG – मकुन्दपुर में लगा बच्चों का बाल मेला, बच्चों ने बनाए तरह-तरह के स्वादिष्ट व्यंजन, जनप्रतिनिधियों ने चखा स्वाद और की जमकर तारीफ पढ़े पूरी ख़बर
मस्तूरी//विकास खण्ड के बसंतपुर ग्राम पंचायत के आश्रित ग्राम मकुन्दपुर में शासकीय पूर्व माध्यमिक और प्राथमिक शाला में बाल मेले का आयोजन किया गया। मेले में बच्चों ने अपनी कला और हुनर का शानदार प्रदर्शन किया। इस दौरान बच्चों द्वारा कई अद्भुत औऱ मनोरंजक मनमोहक प्रस्तुतिया भी दी गई।
बच्चों ने तरह-तरह के व्यंजन बनाकर पूरे सोन संकुल और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को स्वादिष्ट व्यंजनों का स्वाद चखाया। मेले में बच्चों की मेहनत और लगन देखकर सभी ने उनकी जमकर तारीफ की।
बच्चों के हुनर को देखने पहुंचे जनप्रतिनिधि…
पूर्व माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक हुलास कश्यप ने बताया कि उन्होंने सभी शिक्षकों और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया था, ताकि वे भी बच्चों के हुनर को देखें और सराहें।
उन्होंने कहा कि बाल मेला बच्चों के लिए सिर्फ मेला नहीं है, बल्कि यह उनकी प्रतिभा को सामने लाने का एक मंच है। जब बड़े लोग बच्चों की मेहनत को सराहते हैं, तो बच्चों का हौसला और बढ़ जाता है।
व्यंजनों की लगी लंबी कतार…
मेले में बच्चों ने घर के बने व्यंजनों से लेकर नए-नए पकवान तैयार किए थे। हर स्टॉल पर अलग-अलग स्वाद देखने को मिला। किसी ने नमकीन बनाया था, तो किसी ने मीठा। बच्चों ने अपने हाथों से बनाए व्यंजनों को सजाकर रखा था।
जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों ने एक-एक स्टॉल पर जाकर बच्चों से बात की, व्यंजनों का स्वाद चखा और उनकी मेहनत की तारीफ की।
ऐसे आयोजन से बच्चों का टैलेंट आता है सामने…
प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक हितेश देवांगन ने बच्चों द्वारा बनाए गए व्यंजनों की तारीफ करते हुए बताया कि ऐसे आयोजन से बच्चों के अंदर के टैलेंट को परखा जाता है, जो बच्चों के भविष्य में भी उनका काम आता है।
उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ इस तरह के आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, मेहनत करने की आदत, साफ-सफाई और टीम में काम करने की भावना पैदा करते हैं। ऐसे आयोजन लगातार होना चाहिए।
पूरे गांव में रहा उत्सव का माहौल…
बाल मेले के दौरान विद्यालय परिसर में पूरे गांव में उत्सव का माहौल रहा। बच्चों के साथ-साथ अभिभावक और ग्रामीण भी मेले में पहुंचे। बच्चों की खुशी देखते ही बन रही थी।
कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को उनके प्रयास के लिए बधाई दी गई। शिक्षकों ने कहा कि आने वाले समय में भी इस तरह के आयोजन कराए जाएंगे, ताकि बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलता रहे।
