CG – कांग्रेस नेता के बेटे की गुंडागर्दी : इस बात पर युवक से की गाली-गलौज, CCTV वायरल होने के बाद मचा बवाल……

बिलासपुर। शहर के पूर्व महापौर और कांग्रेस नेता राजेश पांडेय एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उन पर और उनके बेटे राहुल पांडेय पर एक व्यक्ति के साथ रास्ता रोककर मारपीट करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। घटना का कथित CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे शहर में इसकी चर्चा तेज हो गई है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता अमित शर्मा, जो शिवम एन्कलेव के निवासी हैं, ने पुलिस को बताया कि सोसायटी की एक बैठक खत्म होने के बाद उनका राजेश पांडेय और राहुल पांडेय से विवाद हो गया। आरोप है कि दोनों ने उनका रास्ता रोक लिया और बहस के दौरान गाली-गलौज शुरू कर दी। मामला बढ़ने पर कथित तौर पर मारपीट की गई।
अमित शर्मा का आरोप है कि विवाद के दौरान उन पर पत्थर से हमला किया गया। पत्थर उनके सिर और कंधे पर लगा, जिससे उन्हें चोटें आईं। उन्होंने बताया कि इस दौरान उनका चश्मा भी टूट गया और चेहरे, पीठ व घुटनों में भी चोट लगी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी गई।
सिविल लाइन पुलिस ने शिकायत के आधार पर राजेश पांडेय और राहुल पांडेय के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3), 126(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि CCTV फुटेज, शिकायत और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



