CG Crime- छत्तीसगढ़ के इस जिले में दिल दहला देने वाली वारदात: मासूम की बेरहमी से हत्या, पत्थर से सिर कुचलकर कुएं में फेंकी लाश….

कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा में 7 साल के बच्चे की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां 19 वर्षीय नशेड़ी 2 अप्रैल को मासूम को बहला फुसलाकर सुनसान जगह पर ले गया और उसके साथ अश्लील हरकत की। वहीं जब उसने शोर मचाया, तो उसकी पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी और लाश को 12 फीट कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने लाश को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना पाली थाना क्षेत्र की है।
क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के मुताबिक, 7 साल का आयान 2 अप्रैल को अपने दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गया था। नहाने के बाद तो बाकी दोस्त लौट आए पर आयान नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरु की, लेकिन फिर भी उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। शिकायत के बाद जब पुलिस ने आयान की तलाश शुरु की, तो पता चला कि आयान को आखिरी बार पड़ोसी रंजीत कुमार (19) के साथ देखा गया था।
कैसे हुआ मामले का खुलासा ?
शुक्रवार पूरे दिन की तलाशी के बाद भी जब आयान का कोई पता नहीं चला तो गांव में बैठक बुलाई गई और शक के आधार पर रंजित से पूछताछ की गई, तो वह गोलमोल जवाब देने लगा। इसके बाद इसकी जानकारी पुलिस को दी गई और पुलिस ने जब रंजित से पूछताछ की तो पूरे मामले का खुलासा हो गया।
कब और कैसे दिया वारदात को अंजाम ?
आरोपी रंजित ने बताया कि वह नशे की हालत में तालाब किनारे पहुंचा था और आयान को नहाते देखकर उसकी नियत डोल गई, जिसके बाद उसे बहला फुसलाकर सुनसान जगह पर ले गया और उसका पैंट उतारकर अश्लील हरकत की। आयान के शोर मचाने पर रंजित डर गया और उसने उसके सिर पर पत्थर से मार दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसके शव को कुएं में फेंक दिया था।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस ने आयान के शव को कुएं से निकालकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं रंजीत कुमार (19) के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।



