CG Crime News: नकली कीटनाशक फैक्ट्री का भंडाफोड़, किसानों को चूना लगाने वाला कारोबारी गिरफ्तार….

बिलासपुर l एक तरफ प्रदेश में जहां कीटनाशक की कमी को लेकर किसान परेशान है वहीं दूसरी तरफ इसे अवसर समझ एक कारोबारी ने किसानों को चूना लगा अपनी तिजोरी भरने के लिए नकली कीटनाशक की फैक्ट्री खोल ली। इसमें नकली कीटनाशक बना इसे ओरिजिनल कंपनियों के मिलते–जुलते पैकिंग और डब्बों में भर किसानों को भेज अपनी तिजोरी भरने लगा। नकली कीटनाशक से किसानों को भी नुकसान हो रहा था। शिकायत मिलने पर पुलिस ने नकली कीटनाशक के फैक्ट्री पर छापा मार आरोपित कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।
बिहार के मधुबनी में रहने वाले रंजीत सिंह प्रायसी डिफरेंश फोर्स इंडिया कंपनी में जांच अधिकारी हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि कंपनी को सूचना मिल रही थी कि बिलासपुर और आसपास के जिलों में इंड्रोफिल कंपनी के नकली कीटनाशक की बिक्री हो रही है। इससे कंपनी को नुकसान हो रहा है। इसके अलावा किसानों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
जांच अधिकारी ने शहर आकर मामले की जानकारी जुटाई। तब पता चला कि लिंगियाडीह अपोलो मोड़ के पास रहने वाला रवि सोनी पिता नंद किशोर सोनी झोपड़ीनुमा मकान को नकली कीटनाशक बनाने वाली फैक्ट्री के रूप में इस्तेमाल कर रहा है। वह केमिकल घोलकर नकली कीटनाशक बनाता था। इससे कंपनी के मिलते जुलते डिब्बों में भरकर कंपनी का नकली लेबल लगा देता था।
इस नकली उत्पाद को वह बाजार में कम दाम पर बेच रहा था। उसने आसपास के जिले में भी नकली कीटनाशक की सप्लाई की थी। इससे ना सिर्फ कंपनी को नुकसान हो रहा था, बल्कि किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा था। कंपनी के अधिकारी की शिकायत पर सरकंडा पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश देकर नकली कीटनाशक को जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
किसानों को हो रही दोहरी क्षति
फसल को कीट से होने वाली बर्बादी से बचाने के लिए किसान कीटनाशक का सहारा लेते हैं। इसके लिए किसान मोटी रकम खर्च करते हैं। नकली कीटनाशक के चलते वे अपनी फसल को कीट से नहीं बचा पाते। इससे दवा खरीदने के लिए उनकी जमापूंजी और फसल की बर्बादी दोनों होती है। नकली खाद और कीटनाशक किसानों के लिए बर्बादी का कारण बनते हैं।