छत्तीसगढ़

CG Crime News- पुरानी बाइक के विवाद ने ली जान: पहले साथ बैठकर पी शराब, फिर दोस्त को चाकू से गोदकर उतारा मौत के घाट,आरोपी गिरफ्तार….

दुर्ग। जिले के ग्राम नारधा में एक पुरानी बाइक के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। रायपुर नगर निगम के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय भीम गायकवाड़ के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही जामुल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

दुर्ग एएसपी शोभराज अग्रवाल के अनुसार, मृतक भीम गायकवाड़ ने करीब दो साल पहले आरोपी अरविंद चतुर्वेदी से सेकंड हैंड मोटरसाइकिल खरीदी थी। कुछ समय बाद वह बाइक रायपुर से चोरी हो गई। इसी बात को लेकर अरविंद और भीम के बीच विवाद शुरू हो गया था।

बताया जा रहा है कि विवाद खत्म करने के लिए भीम ने आरोपी को दूसरी बाइक देने की पेशकश भी की थी, लेकिन अरविंद अपनी पुरानी बाइक वापस लेने की मांग पर अड़ा रहा। इसी रंजिश के चलते उसने हत्या की साजिश रची।

पहले पिलाई शराब, फिर किया हमला

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को आरोपी अरविंद ने योजना बनाकर भीम को अपने पास बुलाया। वहां उसे शराब पिलाई गई। इसके बाद पुरानी बाइक को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने धारदार हथियार से भीम पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल भीम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद

वारदात की जानकारी मिलते ही जामुल पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और घेराबंदी कर आरोपी अरविंद चतुर्वेदी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार को भी बरामद कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

वहीं, इस घटना ने मृतक के परिवार को गहरा सदमा पहुंचाया है। भीम गायकवाड़ की मौत से उनके तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। परिवार अब आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग कर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button