छत्तीसगढ़

CG Crime News: फर्जी नियुक्ति पत्र भेजकर युवाओं से 10 लाख की ठगी, पुलिस ने दंपत्ति को किया गिरफ्तार….

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में बेरोजगार युवाओं से ठगी करने वाले दंपत्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सहायक ग्रेड-3 व एनटीपीसी में एई के पर नौकरी लगाने के नाम पर 10 लाख की ठगी की थी। आरोपियों ने एनटीपीसी के एई पद के लिए युवाओं को फर्जी नियुक्ति पत्र भेजे थे। मामले में धारा 420, 467, 468, 120 बी भादवि के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई जारी है।

जानिए पूरा मामला

दरअसल, रविकांत साहू निवासी बोरीगारका द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि पति-पत्नी द्वारा मंत्रालय में सहायक ग्रेड-3 पद पर नौकरी लगाने का झांसा दिया गया, जब इसमें प्रयास सफल नहीं हुआ तो प्रार्थी को एनटीपीसी में एई (Assistant Engineer) पद पर नौकरी लगाने का आश्वासन दिया गया। झांसे में लेकर आरोपियों द्वारा 10,00,000 रुपये लिए और बदले में फर्जी नियुक्ति पत्र ई-मेल के माध्यम से भेजा गया था। नौकरी नहीं लगने पर पीड़ित ने रुपयों की मांग की तो आरोपियों ने फोन बंद कर लिया।

इस बात से दुखी पीड़ित ने इसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई। पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना पदमनाभपुर में धारा 420, 467, 468, 120(बी) भादवि के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर जाँच में लिया गया। विवेचना के दौरान आरोपी प्रिया देशमुख 36 वर्ष, निवासी न्यू आदर्श नगर थाना पदमनाभपुर को गिरफ्तार किया गया।

महिला के पति आरोपी प्रशांत कुमार देशमुख 49 वर्ष को आज गिरफ्तार कर दोनों को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से न्यायिक अभिरक्षा में दोनों को जेल भेज दिया गया है।

आरोपियों का नाम प्रिया देशमुख निवासी न्यू आदर्श नगर पदमनाभपुर और पति प्रशांत कुमार देशमुख 49 वर्ष। आरोपियों के कब्जे से फर्जी नियुक्ति पत्र (ई-मेल प्रिंट कॉपी) और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जब्त किया गया।

दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर अगर कोई व्यक्ति रुपये की मांग करता है तो ऐसे लोगों से सतर्क रहें और तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दें।

Related Articles

Back to top button