CG -बेजुबानों से हैवानियत : 6 पिल्लों को मारकर बोरी में भरने का आरोप, नन्हे पिल्लों के साथ ऐसी क्रूरता से भड़क उठे पशु प्रेमी, FIR की मांग…..

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में बेजुबान जानवरों के साथ क्रूरता का एक कथित मामला सामने आया है। शहर के पंजाब गार्डन के पीछे 6 मासूम पिल्लों को बेरहमी से मारकर बोरी में भरने का आरोप लगाया गया है। घटना सामने आने के बाद पशु प्रेमियों में भारी आक्रोश है। मामले में CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान और कार्रवाई की मांग की जा रही है। बेजुबान डॉग शेल्टर के संस्थापक सुधांशु शर्मा ने गांधीनगर थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज करने और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना 13 नवंबर 2026 की शाम करीब 4:30 बजे की बताई जा रही है। शिकायत में उल्लेख किया गया है कि अज्ञात लोगों ने 6 मासूम पिल्लों को बेरहमी से मारकर बोरी में डाल दिया। बेजुबान जानवरों के साथ हुई इस कथित क्रूरता को लेकर पशु प्रेमियों में आक्रोश है।
मामले को लेकर बेजुबान डॉग शेल्टर के संस्थापक सुधांशु शर्मा ने गांधीनगर थाने में लिखित शिकायत सौंपी है। उन्होंने पुलिस से घटनास्थल और उसके आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
सुधांशु शर्मा ने कहा कि बेजुबान जानवर भी दर्द और तकलीफ महसूस करते हैं। उनके साथ इस तरह की क्रूरता न केवल अमानवीय है, बल्कि कानूनन दंडनीय भी है। ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



