CG- बेमौसम बारिश से धान की फसल को नुकसान, किसानों को 72 घंटे में देनी होगी सूचना, ऐसे दर्ज कराए शिकायत….

रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवात अकवान के प्रभाव से हुई बेमौसम बारिश ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। खेतों में पककर तैयार खड़ी धान की फसल और खलिहानों में रखी कटी हुई उपज के खराब होने का खतरा मंडरा रहा है। बारिश के कारण धान की कटाई और मिंजाई का काम भी प्रभावित हुआ है। ऐसे में किसानों को आर्थिक नुकसान की चिंता सताने लगी है।
प्रदेश में अब तक करीब 20 से 30 प्रतिशत धान की कटाई ही पूरी हो सकी है। कई इलाकों में हार्वेस्टर और मजदूरों की मदद से चल रहा कटाई का काम बारिश के चलते रुक गया है। हालांकि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत पंजीकृत किसानों के पास फसल नुकसान की स्थिति में बीमा क्लेम करने का विकल्प मौजूद है।
72 घंटे के भीतर देनी होगी नुकसान की सूचना
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत निर्धारित परिस्थितियों में फसल को नुकसान होने पर किसानों को घटना के 72 घंटे के भीतर इसकी सूचना देनी होती है। विशेष रूप से कटाई के बाद खेत में सूखने के लिए रखी फसल को बेमौसम बारिश या अन्य अधिसूचित आपदाओं से नुकसान होने पर समय सीमा का ध्यान रखना जरूरी है।
किसान नुकसान की जानकारी बीमा कंपनी, संबंधित बैंक, कृषि विभाग के स्थानीय अधिकारियों या टोल फ्री नंबर 14447 पर दे सकते हैं।
इन तरीकों से दर्ज करा सकते हैं शिकायत
फसल नुकसान की सूचना देने के लिए किसान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के आधिकारिक पोर्टल pmfby.gov.in या Crop Insurance मोबाइल ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा संबंधित बैंक शाखा, कृषि विभाग के कार्यालय और बीमा कंपनी के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
शिकायत के दौरान बीमा पॉलिसी की जानकारी, प्रभावित खेत और फसल को हुए नुकसान का विवरण देना जरूरी है।
क्लेम के लिए ये दस्तावेज रखें तैयार
फसल बीमा का दावा करने के लिए किसानों को कुछ जरूरी दस्तावेज तैयार रखने चाहिए।
आधार कार्ड
बैंक खाते का विवरण
जमीन से संबंधित दस्तावेज
बीमा पॉलिसी या आवेदन की जानकारी
बोई गई फसल का विवरण
प्रभावित खेत की तस्वीरें
खसरा या सर्वे नंबर और प्रभावित रकबे की जानकारी
शिकायत दर्ज कराने के बाद उसकी रसीद या शिकायत नंबर जरूर प्राप्त करें, ताकि आगे क्लेम की स्थिति की जानकारी ली जा सके।
कटाई के बाद 14 दिनों तक मिल सकती है बीमा सुरक्षा
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में खेत में खड़ी फसल और कटाई के बाद खेत में सूखने के लिए रखी फसल के नुकसान के नियम अलग-अलग हैं। योजना के प्रावधानों के अनुसार, कटाई के बाद खेत में फैलाई गई या छोटी गठरियों में रखी उपज को कुछ निर्धारित प्राकृतिक आपदाओं से नुकसान होने पर अधिकतम 14 दिनों तक बीमा सुरक्षा मिल सकती है। हालांकि, इसके लिए निर्धारित शर्तों का पूरा होना जरूरी है।
धान की फसल के लिए समझें ये जरूरी नियम
धान की फसल के मामले में केवल खेत में पानी भर जाने को हर स्थिति में बीमा क्लेम का आधार नहीं माना जाता। खड़ी फसल को हुए नुकसान का आकलन अधिसूचित क्षेत्र, स्थानीय आपदा के प्रावधानों और फसल उपज के आकलन के आधार पर किया जाता है।
इसलिए किसानों को अपने जिले, बीमित फसल और पॉलिसी पर लागू नियमों की जानकारी संबंधित कृषि विभाग या बीमा कंपनी से जरूर लेनी चाहिए।
शिकायत के बाद कैसे तय होगा मुआवजा?
किसान की ओर से फसल नुकसान की सूचना दिए जाने के बाद बीमा कंपनी और संबंधित सरकारी अधिकारी मामले का सत्यापन कर सकते हैं। जरूरत पड़ने पर प्रभावित खेत का निरीक्षण किया जाता है। इसके बाद दस्तावेजों और नुकसान की स्थिति की जांच कर योजना के नियमों के अनुसार मुआवजे का निर्धारण किया जाता है।
ध्यान रखें कि केवल शिकायत दर्ज कराने से मुआवजा मिलना तय नहीं होता। इसके लिए नुकसान का सत्यापन और बीमा योजना की निर्धारित शर्तों को पूरा करना जरूरी है।



