छत्तीसगढ़

CG- बेटी को लेकर मां ने समझाया, बदले में मिली मौत! टांगिया से सिर पर वार कर उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार…..

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के थाना आस्ता के ग्राम हर्री में हुई महिला की अंधे कत्ल की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। घटना के 24 घंटे के भीतर ही आरोपी को झारखंड से गिरफ्तार किया गया। आरोपी युवक मृतिका की बेटी से एकतरफा प्यार करता था, लेकिन युवती द्वारा बातचीत नहीं करने पर वो उससे नाराज था।

जानिए पूरी घटना

जानकारी के मुताबिक, मृतिका के पति के द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि खाना खाने के बाद मवेशी चराने के लिए वो जंगल की ओर गया था। उसकी पत्नी धनमनी बाई घर पर अकेली थी। शाम करीब 6 बजे मवेशी चराकर वापस घर आया और मवेशियों को गोठान में बंद कर घर के अंदर पहुंचा। देखा कि उसकी पत्नी धनमनी बाई घर के अंदर जमीन पर पड़ी हुई थी। उसके दाहिने तरफ के चेहरे में गंभीर चोट लगी थी और खून बह रहा था। आवाज देने पर भी वह कुछ नहीं बोली। पास ही टांगिया पड़ा हुआ था।

प्रार्थी के द्वारा घटना की जानकारी तत्काल परिजनों को दी गई। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या करने की नीयत से टांगिया से वार कर उसकी पत्नी के घाट उतार दिया। रिपोर्ट पर थाना आस्ता में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जाँच में लिया गया।

मामले की गंभीरता एवं संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस कप्तान जशपुर, उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश में आरोपी की पतासाजी व मामले के खुलासे हेतु तत्काल विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। साथ ही फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाकर मौके का बारीकी से निरीक्षण कराया गया। पुलिस टीम द्वारा मृतिका के परिजनों एवं गवाहों से विस्तृत पूछताछ की गई। पूछताछ एवं जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि अवधेश राम नामक व्यक्ति कुछ दिन पूर्व मृतिका के घर आया था तथा उसके साथ विवाद किया था।

पुलिस जांच व गवाहों के बयान के आधार पर प्रथम दृष्टया अवधेश राम पर संदेह होने पर पुलिस टीम द्वारा उसकी पतासाजी शुरू की गई। पुलिस टीम जब संदिग्ध अवधेश राम के ग्राम कोमडो स्थित घर पहुंची तो वह वहां नहीं मिला।

पुलिस की टेक्निकल टीम की सहायता से संदिग्ध आरोपी की तलाश व ट्रेसिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को जानकारी प्राप्त हुई कि संदिग्ध आरोपी रायडीह, झारखंड में मौजूद है। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए रायडीह, झारखंड पहुंचकर आरोपी अवधेश राम को हिरासत में लिया गया और जशपुर लाया गया।

मृतिका की बेटी से एकतरफा प्यार

आरोपी अवधेश राम ने पूछताछ में बताया कि वह मृतिका की बेटी से एकतरफा प्यार करता था। मृतिका की बेटी द्वारा उससे बातचीत नहीं करने के कारण वह नाराज था। इसी नाराजगी में वह मृतिका के घर गया था, जहां वह घर में अकेली थी। मृतिका द्वारा आरोपी को अपनी बेटी से बातचीत करने व उसे परेशान करने से मना किया, जिससे आरोपी आवेश में आ गया और घर में रखे टांगिया से मृतिका के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से मृतिका की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।

आरोपी अवधेश राम उर्फ गुटका 30 वर्ष निवासी ग्राम कोमडो थाना सिटी कोतवाली जशपुर द्वारा अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

Related Articles

Back to top button